Lionel Messi emotional post: अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी अपने पिता जॉर्ज मेसी के निधन के बाद भावुक हैं। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया पर पिता को याद करते हुए एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया। मेसी ने लिखा कि उन्होंने पूरी जिंदगी सिर्फ फुटबॉल खेला है, लेकिन अब उन्हें नहीं लगता कि वह अपने पिता के बिना इसे ज्यादा समय तक जारी रख पाएंगे।
मेसी की इस पोस्ट पर पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने समेत कई दिग्गजों भी प्रतिक्रिया दी। रोनाल्डो ने मेसी और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए लिखा कि इस मुश्किल वक्त में उन्हें और उनके परिवार को गले लगाने का मन है और उन्हें हिम्मत बनाए रखने की जरूरत है।
पिता के बिना आगे बढ़ने को लेकर भावुक हुए मेसी
मेसी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें नहीं पता कि पिता के बिना वह क्या करेंगे और आगे कैसे बढ़ेंगे। उन्होंने अपने पिता से कहा कि वे शुरुआत से उनके साथ रहे और जब बहुत कम समय बचा था, तब थोड़ा और इंतजार क्यों नहीं किया, ताकि दोनों इस सफर को साथ पूरा कर पाते।
जॉर्ज मेसी अपने बेटे लियोनेल के पूरे फुटबॉल करियर में उनके साथ रहे। बार्सिलोना में मेसी के शुरुआती दौर से लेकर उनके करियर के बड़े मुकामों तक पिता की अहम भूमिका रही।
पिता की इच्छा पर मेसी ने खेला वर्ल्ड कप
39 वर्षीय मेसी ने बताया कि वर्ल्ड कप में खेलने के पीछे उनके पिता की इच्छा भी एक बड़ी वजह थी। टूर्नामेंट शुरू होने से कुछ दिन पहले जॉर्ज की तबीयत काफी बिगड़ गई थी। मेसी के मुताबिक, यह पहली बार था जब उनके पिता किसी बड़े टूर्नामेंट के दौरान उनके साथ मौजूद नहीं थे।
उन्होंने बताया कि हर मैच खत्म होने के बाद वह अपने पिता के मैसेज का इंतजार करते थे। मेसी ने कहा कि उनके पिता हमेशा उनसे FIFA वर्ल्ड कप में खेलने के लिए कहते थे और इसी वजह से उन्होंने उनकी इच्छा पूरी करने की कोशिश की।
वर्ल्ड कप के शुरुआती मुकाबले में अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाने के बाद मेसी अपने पहले गोल का जश्न मनाते हुए रो पड़े थे। बाद में उन्होंने बताया था कि उनके पिता की खराब तबीयत इसकी वजह थी।
मेसी ने कहा कि वह फाइनल अपने पिता के लिए जीतना चाहते थे। हालांकि उनकी टीम चैंपियन नहीं बन सकी, लेकिन उन्होंने कहा कि उनके पिता की बात सही थी और उन्हें वहां जाकर खेलना चाहिए था।
बच्चों की परवरिश में पिता की याद जिंदा रखेंगे
मेसी ने कहा कि उन्हें अपने पिता की बहुत याद आएगी, लेकिन वह हमेशा उनके साथ रहेंगे। खासकर अपने बच्चों की परवरिश में वह पिता की सीख को आगे बढ़ाएंगे। मेसी ने कहा कि वह अपने बच्चों को उसी तरह सिखाएंगे और पालेंगे, जैसे उनके पिता ने उन्हें पाला था।
मेसी और उनकी पत्नी एंटोनेला रोकुजो के तीन बेटे हैं। बड़े बेटे थियागो का जन्म 2012 में, माटेओ का 2015 में और सबसे छोटे बेटे सिरो का जन्म 2018 में हुआ था।
पिता के निधन के बाद फुटबॉल से लिया ब्रेक
जॉर्ज मेसी का 7 अगस्त को 68 साल की उम्र में निधन हुआ था। वह लंबे समय से बीमार थे और अर्जेंटीना के रोसारियो शहर के एक मेडिकल क्लिनिक में उन्होंने अंतिम सांस ली। पिता के निधन के बाद मेसी ने फिलहाल फुटबॉल से अनिश्चितकाल के लिए ब्रेक लिया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


