विनोद सैनी, हिसार। शहर को साफ सुथरा और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रशासन ने अब सख्ती बढ़ा दी है। नगर निगम की अलग-अलग टीमों ने अचानक शहर के कई व्यस्त इलाकों का दौरा किया। इस दौरान सफाई के नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों के खिलाफ सीधी कार्रवाई की गई।
निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा और अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा के निर्देश पर अधिकारियों ने निरीक्षण शुरू किया। सेक्टर 14 में जब टीम पहुंची तो वहां 2 दुकानदार खुले में कचरा फेंकते हुए पाए गए। टीम ने तुरंत दोनों का 500-500 रुपये का चालान काट दिया। इसके बाद रेड स्क्वेयर मार्केट में कचरा अलग न करने पर एक दुकानदार पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
प्लास्टिक और कचरा फैलाने पर कसा शिकंजा
इसी तरह पुरानी सब्जी मंडी रोड पर एक रेहड़ी वाले को रास्ते पर कचरा डालने के आरोप में 500 रुपये की रसीद थमाई गई। सेक्टर 27-28 में एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान के कर्मचारी द्वारा खुले में कचरा फेंकने पर 1000 रुपये का बड़ा चालान किया गया।

इसके अलावा घोड़ा फार्म रोड पर जांच के दौरान 2 दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल होते मिला। इस पर दोनों दुकानदारों से 500-500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 7 लोगों के चालान किए गए। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में गंदगी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


