विनोद सैनी, हिसार। शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। मेयर प्रवीण पोपली और अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा की देखरेख में नगर निगम की टीम ने शहर के प्रमुख इलाकों में बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई के बाद से दुकानदारों में खलबली मची हुई है।

निगम की टीम ने मंगलवार को अपनी कार्रवाई की शुरुआत मलिक चौक से परिजात चौक तक की। इसके बाद टीम ने रेलवे रोड, पोस्ट ऑफिस के सामने और नागौरी गेट से लेकर गुलाब सिंह चौक तक रास्ते को साफ कराया। इतना ही नहीं, टीम ने गांधी चौक, आर्य बाजार, बालाजी मार्केट, राजगुरु मार्केट और बिश्नोई मंदिर मार्केट में भी सड़कों पर रखे अवैध सामान को हटाया।

सड़क पर रखा सामान किया जब्त

कार्रवाई के दौरान गांधी चौक पर कुछ दुकानदारों ने अपनी तय सीमा से बाहर सामान सजा रखा था। निगम की टीम ने बिना कोई ढील दिए 2 से 3 दुकानों का बाहर रखा सामान जब्त कर लिया। इसके बाद टीम तलाकी गेट से विश्वकर्मा धर्मशाला, सिरसा चुंगी और आईटीआई चौक के पास भी कार्रवाई करने पहुंची।

प्रशासन की तरफ से शहर के सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की गई है कि वे दुकानों के बाहर या सार्वजनिक जगहों पर सामान न रखें। सड़कों पर अवैध रूप से सामान रखने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसा ही कड़ा रुख अपनाया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m