अजय सैनी, भिवानी। सुंदर ब्रांच नहर के आखिरी हिस्सों तक पानी न पहुंचने से किसानों का सब्र अब टूट चुका है। पिछले 1 महीने से ज्यादा समय से जमालपुर में धरने पर बैठे किसान अब सीधे सिंचाई विभाग के बड़े अधिकारियों के दफ्तर पहुंच गए। किसान सभा के नेतृत्व में पहुंचे इस दल में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं।

किसानों का कहना है कि 24 जुलाई को नहर में पानी छोड़ा गया था। इसके बावजूद बलियाली, जमालपुर, जाटू लुहारी, पुर और रतेरा जैसे गांवों के आखिरी छोर तक पानी नहीं पहुंचा। किसानों का सीधा आरोप है कि रास्ते में पानी की चोरी की जा रही है और विभाग इसे रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है।

अधिकारियों को दी सीधी चेतावनी

प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता ओपी विश्नोई को ज्ञापन सौंपकर पानी की चोरी पर तुरंत रोक लगाने की मांग की। किसानों ने साफ कहा कि उन्हें 42 दिनों में से कम से कम 1 सप्ताह पूरा पानी मिलना चाहिए। अगर विभाग ने चोरी नहीं रोकी और अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचाया, तो वे दफ्तर का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे।

अधिकारियों ने दिया भरोसा

किसानों के सख्त रुख को देखते हुए अधीक्षण अभियंता ने मौके पर मौजूद महिलाओं और किसानों को आश्वासन दिया कि नहर के आखिरी छोर तक पानी जरूर पहुंचाया जाएगा। इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। वहीं किसान नेताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो सरकार के खिलाफ आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m