अजयारविंद नामदेव, शहडोल। यदि आप भी रेलवे स्टेशन पर सफर के दौरान अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगाकर बेफिक्र हो जाते हैं, तो यह खबर आपके लिए एक सबक है। रेलवे स्टेशन से मोबाइल चोरी का मामला सामने आया है, जहां एक यात्री की जरा सी लापरवाही का फायदा उठाकर एक शातिर चोर उसका फोन लेकर रफूचक्कर हो गया। हालांकि, चोर यह भूल गया कि स्टेशन पर लगी तीसरी आंख इस पूरी करतूत को रिकॉर्ड कर रहा था। चोरी का वीडियो वायरल हो रहा है।
चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद
दरअसल शहडोल रेलवे स्टेशन पर एक यात्री ट्रेन का इंतजार कर रहा था, उसने स्टेशन परिसर की एक विंडो के पास लगे चार्जिंग प्वाइंट में अपना मोबाइल लगाया और पास ही बनी वेटिंग चेयर पर सो गया। थकान के कारण यात्री गहरी नींद में चला गया, इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक शख्स की नजर खुले में चार्ज हो रहे मोबाइल पर पड़ी। यात्री को सोता देख दबे पांव मोबाइल के पास पहुंचकर उसे प्लग से निकाला और पलक झपकते ही वहां से दौड़ लगा दी। स्टेशन परिसर की सुरक्षा में तैनात सीसीटीवी कैमरे ने उसकी पहचान और चोरी के इस लाइव वाकये को कैद कर लिया। अब इस चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
3 दिन से लापता 6 साल के मासूम अंश का अब तक सुराग नहीं: तलाश में जुटीं पुलिस की 10 टीमें,
यात्रियों से अपील
इस मामले को लेकर जीआरपी प्रभारी आर. एम. झारिया ने बताया कि स्टेशन से मोबाइल चोरी की ऐसी किसी घटना की लिखित या मौखिक शिकायत अभी तक थाने में नहीं आई है। यदि पीड़ित यात्री द्वारा कोई शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर निश्चित रूप से चोर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यात्रा के दौरान चार्जिंग पॉइंट पर मोबाइल को कभी भी लावारिस न छोड़ें, अपने बैग, मोबाइल और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा स्वयं करें। स्टेशन या ट्रेन में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल RPF या जीआरपी GRP को दें।

