सोहराब आलम, मोतिहारी। एलजेपी आर के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक राजू तिवारी आज सोमवार (29 जून) को मोतिहारी पहुंचे, जहां उन्होंने अगले साल 2027 में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, अगले महीने से हमारे नेता चिराग पासवान पांचों राज्यो का दौरा करेंगे।

‘जल्द पांचों राज्य के दौरे पर निकलेंगे चिराग’

राजू तिवारी ने कहा कि, हमारी पार्टी एलेजपी आर यूपी सहित पांचों राज्य का दौरा कर वहां पर पार्टी को मजबूत करने का काम करेगी। विधानसभा चुनावों में अकेले लड़ेंगे या गठबंधन के साथ यह चुनाव के समय तय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि, कई राज्यो में हम अकेले भी लड़े है और कई राज्यो में गठबांधन के साथ लड़े हैं, तो उस समय निर्णय लिया जाएगा। बहरहाल हमारी पार्टी यूपी सहित अन्य पांच राज्यो में मजबूत तैयारी करेगी।

LJPR का विस्तार चाहते हैं चिराग पासवान

गौरतलब है कि चिराग पासवान भी कई मौकों पर यह खुलकर कह चुके हैं कि उनकी पार्टी यूपी समेत अन्य राज्यों में होने वाले विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। इसके पीछे बिहार समेत अन्य राज्यों में भी एलजेपी आर का विस्तार करना है। चिराग यह नहीं चाहते हैं कि उनकी पार्टी का अस्तित्व सिर्फ बिहार में ही बनकर रह जाए। इसके साथ ही अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव लड़ने के साथ ही यह भी तय होगा की बिहार एनडीए में उनकी पार्टी का जितना महत्व है वह अन्य राज्यों में भी कायम रहता है या नहीं?

इन 5 राज्यों में होना है विधानसभा चुनाव

बता दें कि अगले साल 2027 में यूपी समेत 5 राज्यों में विधानसभा का चुनाव होना है। इनमें यूपी, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा का चुनाव होना है।

आवास को लेकर हाय-तौबा मचाने की जरूरत नहीं

राजू तिवारी ने राबड़ी आवास खाली करने को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि, यह तो प्रक्रिया है और खाली तो करना ही था, इसमे हाय-तौबा मचाने की कोई जरूरत नहीं है। वहीं, भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर उन्होंने कहा कि, विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। क्योंकि इस मामले में तो अब न्याययिक जांच चल रहा है और किसी भी हाल में दोषी बख्शे नहीं जाएंगे।

ये भी पढ़ें- चंदा देने से इंकार पर जान गंवाने वाले चिंटू यादव के घर पहुंचे पप्पू यादव, आर्थिक मदद कर जताई संवेदना