किला लोहगढ़ साहिब गुरूद्वारे में सिख महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें मूलभूत सुविधाओं की कमी और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर नाराजगी जताई गई।

परवेज खान, यमुनानगर। गुरूद्वारा किला लोहगढ़ साहिब में जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली के खिलाफ सिख महापंचायत का आयोजन किया गया। इस महापंचायत में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दौरान गुरूद्वारा परिसर का उपयोग करने और वहां लंबे समय से बिजली-पानी की आपूर्ति बहाल न होने को लेकर गंभीर चर्चा हुई। महापंचायत में मुख्य रूप से मनदीप सिंह रोड़छप्पर, सतिंद्र सिंह और सुखा बनकट सहित सिख समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सिख नेताओं ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि प्रशासन ने योग कार्यक्रम सामुदायिक भवन में न करवाकर गुरूद्वारा साहिब परिसर में करवाया, जो सिख मर्यादाओं और भावनाओं के बिल्कुल विपरीत है। इससे पूरी सिख संगत में भारी रोष है।

जिला उपायुक्त को सौंपेंगे ज्ञापन

सिख समाज के प्रतिनिधि मनदीप सिंह रोड़छप्पर ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से सिखों की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। भविष्य में ऐसी किसी भी गलती की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सिख समाज द्वारा आगामी तीन जून को जिला उपायुक्त को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को भविष्य में दोबारा ऐसा कदम न उठाने के लिए कड़े शब्दों में चेताया जाएगा। महापंचायत में शामिल सभी सदस्यों ने एक सुर में कहा कि ऐतिहासिक स्थलों की धार्मिक शुचिता और मर्यादा का ध्यान रखना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए, जिसमें इस बार बड़ी लापरवाही बरती गई है।

बिजली और पानी का संकट

महापंचायत में गुरूद्वारे की बदहाली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। मनदीप सिंह ने कहा कि किला लोहगढ़ एक अत्यंत प्राचीन गुरूद्वारा है, जिसके विकास के लिए प्रदेश सरकार ने करोड़ों रुपये की योजनाएं तो बनाईं, लेकिन जमीनी स्तर पर आज तक बिजली और पानी की स्थायी आपूर्ति बहाल नहीं की गई। वर्तमान में बिजली के लिए हिमाचल सीमा से अस्थाई कनेक्शन लेना पड़ रहा है। वहीं, पीने के पानी के लिए गुरूद्वारा हिमाचल के पहाड़ी क्षेत्र में स्थित डैम पर निर्भर है, जहां से अक्सर गंदा और कीचड़युक्त पानी आता है। इसके चलते यहां माथा टेकने आने वाली भारी संगत और दैनिक धार्मिक कार्यों में बड़ी परेशानी हो रही है।

ट्रांसफार्मर लगाने की उठी मांग

सिख संगत ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से इस संकट के स्थायी समाधान की पुरजोर मांग की है। महापंचायत के माध्यम से जन स्वास्थ्य विभाग से गुरूद्वारा परिसर में स्वच्छ जल की आपूर्ति के लिए तुरंत नई पाइपलाइन बिछाने की अपील की गई है। इसके साथ ही, बिजली निगम से मांग की गई है कि गुरूद्वारा साहिब में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वहां तुरंत एक नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए ताकि आगामी धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन सुगमता से हो सके। इस महत्वपूर्ण अवसर पर सरदार सजप्रीत बलौली, प्रभजीत, नायब सिंह, मनवीर सिंह, गुरजिंद्र सिंह, इकबाल सिंह और तरजिंद्र सिंह सहित भारी संख्या में सिख संगत उपस्थित रही।