पवन राय, मंडला। जिले के बम्हनी बंजर क्षेत्र स्थित उप तहसील कार्यालय में जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। तहसील कार्यालय के बाबू हरीश सिंगोर को आवेदक से 8,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिलगी निवासी आवेदक रोहणी चंद्रोल ने जमीन के पारिवारिक बंटवारे के बाद नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए आवेदन दिया था। इस काम के एवज में बाबू हरीश सिंगोर ने 10,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
आवेदक ने इसकी शिकायत भोपाल में फोन के जरिए दर्ज कराई, जिसके बाद मामला लोकायुक्त जबलपुर को सौंपा गया। शिकायत की पुष्टि होने पर लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और जैसे ही आवेदक ने आरोपी बाबू को 8,000 रुपये नगद सौंपे, टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल लोकायुक्त पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



