हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में सामने आए मामले ने राजनीतिक और सामाजिक रंग ले लिया है। हिंदू संगठन ने इसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए राजस्थान के चूरू निवासी इरफान खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन का दावा है कि उसने सोशल मीडिया के जरिए बिहार की एक शादीशुदा हिंदू महिला को अपने संपर्क में लिया, उसे इंदौर बुलाया और बाद में कोटा ले जाने की तैयारी कर रहा था।
बजरंग दल के अनुसार, सूचना मिलने पर कार्यकर्ता तीन इमली बस स्टैंड पहुंचे, जहां से युवक को पकड़कर आजाद नगर पुलिस के हवाले किया गया। हिंदू संगठन का आरोप है कि इरफान महिला पर गर्भपात कराने का दबाव बना रहा था और उसके पास गर्भपात से जुड़ी दवाइयां भी थीं। संगठन का यह भी दावा है कि महिला नशे की हालत में मिली थी। इन आरोपों की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।

आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेश भदोरिया पर भी गंभीर आरोप
मामले में बजरंग दल ने आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेश भदोरिया पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन की पदाधिकारी तनु शर्मा का आरोप है कि पुलिस से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला और मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका दावा है कि यदि संगठन समय पर नहीं पहुंचता तो महिला के साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि महिला से अलग कमरे में बातचीत के बाद उसके बयान बदल गए। हालांकि इन आरोपों पर थाना प्रभारी या पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ने महिला के पति को घटना की सूचना दे दी है, जिसके बाद वह बिहार से इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं।
फिलहाल आजाद नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे किस प्रकार की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

