लखनऊ. उत्तर प्रदेश में घरेलू एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. अब गैस सब्सिडी और सुचारू आपूर्ति जारी रखने के लिए आधार आधारित e-KYC कराना जरूरी कर दिया गया है. यह नियम पुराने, नए और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के सभी लाभार्थियों पर लागू होगा. सोशल मीडिया पर e-KYC की अंतिम तारीख को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक सरकार या तेल कंपनियों की ओर से कोई आधिकारिक अंतिम तिथि घोषित नहीं की गई है.

इसे भी पढ़ें- UP Weather Update : आज से फिर शुरू होगा बारिश का दौर, दोनों हिस्सों में बरसेंगे बादल

सब्सिडी बचाने के लिए जल्द पूरा करें e-KYC

गैस उपभोक्ताओं को सलाह दी जा रही है कि वे भविष्य में किसी भी परेशानी से बचने के लिए जल्द से जल्द अपना e-KYC पूरा करा लें. अगर उपभोक्ता यह प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं तो आने वाले समय में उनके गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी प्रभावित हो सकती है. सरकार का उद्देश्य गैस कनेक्शन व्यवस्था को पारदर्शी बनाना और सही लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है.

फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शन पर लगेगी रोक

सरकार ने e-KYC व्यवस्था इसलिए शुरू की है ताकि फर्जी और डुप्लीकेट एलपीजी कनेक्शनों की पहचान की जा सके. आधार सत्यापन के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि गैस कनेक्शन वास्तविक उपभोक्ता के नाम पर ही संचालित हो रहा है. इससे सरकारी सब्सिडी का गलत इस्तेमाल रोकने में मदद मिलेगी.

घर बैठे मोबाइल ऐप से 5 मिनट में करें e-KYC

उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस कंपनी जैसे इंडियन ऑयल, एचपी गैस या भारत गैस के आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे e-KYC कर सकते हैं. फेस ऑथेंटिकेशन या बायोमेट्रिक सत्यापन की सुविधा से यह प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में पूरी हो सकती है. इसके लिए आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर भी जरूरी हो सकता है.

इसे भी पढ़ें- CM योगी दी 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई, कहा- ‘विकसित भारत’ और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प की सिद्धि में योगदान दें हर भारतीय

गैस एजेंसी और डिलीवरी मैन से भी करा सकते हैं सत्यापन

अगर किसी उपभोक्ता को मोबाइल ऐप से e-KYC करने में परेशानी हो रही है तो वह नजदीकी गैस एजेंसी जाकर यह प्रक्रिया पूरी कर सकता है. इसके लिए गैस पासबुक और आधार कार्ड साथ ले जाना होगा. एजेंसी पर फिंगरप्रिंट मशीन के जरिए पहचान सत्यापन किया जाएगा. इसके अलावा सिलेंडर की डिलीवरी करने आने वाले कर्मचारी के पास मौजूद बायोमेट्रिक डिवाइस से भी e-KYC कराया जा सकता है.