LSG vs CSK IPL 2026 : आईपीएल 2026 के 59वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 7 विकेट से हरा दिया। लखनऊ ने 188 रन के लक्ष्य को सिर्फ 16.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 187 रन बनाए थे। जवाब में मिचेल मार्श की विस्फोटक 90 रन की पारी की बदौलत लखनऊ ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।

चेन्नई की पारी, कार्तिक शर्मा ने लगाया अर्धशतक

टॉस जीतकर लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। चेन्नई की ओर से कार्तिक शर्मा ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए 42 गेंदों में 71 रन बनाए। शिवम दुबे ने नाबाद 32 रन और डेवाल्ड ब्रेविस ने 25 रन का योगदान दिया। संजू सैमसन ने 20 और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने 13 रन बनाए।

लखनऊ की ओर से आकाश महाराज सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट झटके। मोहम्मद शमी और शाहबाज अहमद को 1-1 सफलता मिली।

मिचेल मार्श की 90 रन की विस्फोटक पारी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत शानदार रही। मिचेल मार्श ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 90 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। हालांकि वह रन आउट होकर शतक से चूक गए। इसके अलावा जोश इंग्लिस ने 36 रन बनाए, जबकि निकोलस पूरन ने 17 गेंदों में नाबाद 32 रन की तेज पारी खेली। अब्दुल समद ने 7 रन और मुकुल चौधरी ने नाबाद 13 रन का योगदान दिया।

चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से मुकेश चौधरी और स्पेंसर जॉनसन को 1-1 विकेट मिला। वहीं नूर अहमद ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 21 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

लगातार तीन जीत के बाद हारी चेन्नई

चेन्नई सुपर किंग्स लगातार तीन मैच जीतकर इस मुकाबले में उतरी थी, लेकिन लखनऊ के खिलाफ टीम का विजय अभियान थम गया। वहीं लखनऊ ने इस जीत के साथ चेन्नई की प्लेऑफ की राह मुश्किल कर दी है।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 (LSG vs CSK IPL 2026)

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) : मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), मुकुल चौधरी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, मयंक यादव, आकाश महाराज सिंह, प्रिंस यादव

इम्पैक्ट प्लेयर: जोश इंग्लिस

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) : संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी

इम्पैक्ट प्लेयर: गुरजपनीत सिंह

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H