लखनऊ. लखनऊ के आलमनगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक प्ले स्कूल की नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाली 4 साल की मासूम बच्ची के साथ स्कूल वैन चालक ने घिनौनी हरकत की. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
इसे भी पढ़ें- संसद सत्र से पहले मायावती ने किया धमाका, बोलीं- ये मुद्दे हल करो, वरना देश…
रोज की तरह स्कूल से घर लौट रही थी बच्ची
पीड़ित बच्ची के पिता ने तालकटोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी रोजाना सपना कॉलोनी निवासी वैन चालक गिरिश मिश्रा की वैन से स्कूल आती-जाती थी. शुक्रवार को भी बच्ची स्कूल से घर लौट रही थी. इस दौरान चालक ने उसके साथ दरिंदगी की.
घर पहुंचकर नानी को बताया पूरा मामला
घर पहुंचने पर डरी-सहमी बच्ची ने अपनी नानी को पूरा घटनाक्रम बताया. परिवार ने तुरंत बच्ची का मेडिकल कराया, जहां घटना की पुष्टि हुई. इसके बाद परिवार थाने पहुंचा और मामला दर्ज कराया.
पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
तालकटोरा पुलिस ने आरोपी गिरिश मिश्रा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, बलात्कार का प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शनिवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया. डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित ने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें- मेरठ में प्रेमी वार्डब्वॉय ने स्टाफ नर्स को चढ़ा दी जहरीली ड्रिप; फर्जी सुसाइड नोट से गुमराह करने की कोशिश नाकाम
इलाके में मचा आक्रोश
इस घटना को लेकर पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोग स्कूल वैन चालकों की पृष्ठभूमि की जांच और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग कर रहे हैं. पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द सख्त सजा की अपील की है ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.

