बरेली. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया बयान पर केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने पलटवार किया है. बरेली में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जो काम किए हैं, उतना कांग्रेस और यूपीए के 55-60 साल के कार्यकाल में नहीं हुआ.

इसे भी पढ़ें- पहले रेप केस में भेजा जेल, अब उसी से शादी की जिद! मोबाइल टॉवर पर चढ़कर युवती ने मचाया भारी बवाल

बी.एल. वर्मा ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पता है कि उनकी सरकार आने वाली नहीं है, इसलिए वह कुछ भी बोल सकते हैं. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में महिलाओं को लेकर सपा और भाजपा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है.

अखिलेश ने कहा महिलाओं को देंगे 40 हजार

हाल ही में अखिलेश यादव ने महिलाओं को लेकर कई चुनावी घोषणाएं की हैं. सपा ने सत्ता में आने पर महिलाओं के लिए सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. इसके बाद भाजपा नेताओं की ओर से सपा की घोषणाओं और महिला सशक्तिकरण के दावों पर लगातार प्रतिक्रिया सामने आ रही है.

‘कांग्रेस के कार्यकाल में नहीं हुआ इतना काम’

बी.एल. वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. उनके मुताबिक, महिलाओं के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं और राजनीतिक भागीदारी ने उन्हें मजबूत बनाने का काम किया है. भाजपा नेता ने कांग्रेस और यूपीए के लंबे कार्यकाल से मौजूदा सरकार की तुलना करते हुए दावा किया कि महिलाओं के लिए जितना काम मोदी सरकार ने किया है, उतना पहले नहीं हुआ.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश पर जयंत चौधरी का तंज, बोले- चीनी नहीं गन्ने के भाव की बात करो!

महिला वोटरों पर सियासी घमासान

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले महिला मतदाताओं को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है. सपा ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा किया है, वहीं भाजपा सरकार की ओर से महिलाओं के लिए किए गए कामों को चुनावी मुद्दा बनाया जा रहा है. हाल में यूपी कैबिनेट ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए राज्य परिवहन की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा को भी मंजूरी दी है.