बागपत. राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने गुरुवार को बागपत में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर किसानों के मुद्दे को लेकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष को केवल चीनी महंगी होने की बात नहीं करनी चाहिए, बल्कि किसानों के हित और गन्ने के भाव पर भी अपनी बात रखनी चाहिए.

इसे भी पढ़ेंं- मुसीबत में ‘गालीबाज महंत’: मछली-भात को लेकर राजू दास पर भड़का निषाद समाज, माफी और कार्रवाई को लेकर दी चेतावनी

जयंत चौधरी बागपत के खेकड़ा में गांधी इंटर कॉलेज पहुंचे थे, जहां उन्होंने नवनिर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद भी किया. मीडिया से बातचीत में उन्होंने विपक्षी राजनीति और किसानों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी.

‘चीनी से ज्यादा गन्ने के भाव की बात हो’

जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे समय में विपक्ष को चीनी की कीमत से ज्यादा किसानों को मिलने वाले गन्ने के भाव की चिंता करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव चीनी की महंगाई और गुलाब जामुन की बढ़ती कीमतों की बात कर रहे हैं, जबकि किसानों के लिए गन्ने का मूल्य ज्यादा महत्वपूर्ण मुद्दा है.

जयंत का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल किसानों और ग्रामीण मतदाताओं को साधने की कोशिश में जुटे हैं.

कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील

अखिलेश यादव के ‘चवन्नी से रुपया’ वाले बयान और विवादित होर्डिंग को लेकर पूछे गए सवाल पर जयंत चौधरी ने राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं को उत्तेजित होने से बचना चाहिए और अपनी ‘लक्ष्मण रेखा’ नहीं लांघनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति बिना नाम लिए टिप्पणी कर रहा है तो उस पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत नहीं है. जयंत ने कार्यकर्ताओं से राजनीतिक विरोध के बावजूद मर्यादा बनाए रखने की अपील की.

लाइब्रेरी का किया उद्घाटन

जयंत चौधरी ने खेकड़ा स्थित गांधी इंटर कॉलेज में नवनिर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन किया. उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए शिक्षा में पुस्तकालय के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में लाइब्रेरी खुलने से विद्यार्थियों को पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने में मदद मिलेगी. उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकालय का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की.

इसे भी पढ़ें- रक्षाबंधन की मिठास में मिलावट का ‘खेल’! मंडी में खोये की जांच, मिठाइयों में ज्यादा रंग पर शिकंजा

चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

कार्यक्रम के दौरान जयंत चौधरी ने अपने दादा और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में पुस्तकालय की महत्वपूर्ण भूमिका है और बेहतर संसाधनों से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी आगे बढ़ सकते हैं. जयंत चौधरी के अखिलेश यादव पर किए गए इस हमले को आगामी यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. किसान, गन्ने का मूल्य और ग्रामीण क्षेत्र के मुद्दे चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण रहने की संभावना है.