मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. मछली-भात को लेकर हुई लाइव डिबेट के दौरान निषाद समाज के खिलाफ अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद को गाली दी थी, जिसको लेकर सियासी पारा गर्मा गया है. साथ ही इस मामले को लेकर निषाद समाज में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. निषाद समाज ने महंत राजू दास के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और माफी मांगने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें- पढ़ाई कम, प्रताड़ना ज्यादा! स्कूल में 12वीं के छात्र को नकलची बताकर बेरहमी से पीटा, संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, कौन है मौत का जिम्मेदार?
आज निषाद समाज के लोगों ने अयोध्या के सदर तहसील क्षेत्र स्थित तिकोनिया पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने नारेबाजी करते हुए अभद्र टिप्पणी पर नाराजगी जताई और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की.
निषाद समाज की ओर से दो प्रमुख मांगें रखी गई हैं. पहली मांग है कि महंत राजू दास सार्वजनिक रूप से निषाद समाज से माफी मांगें. वहीं दूसरी मांग है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए.
इसे भी पढ़ें- 200 सीट दें या गठबंधन तोड़ लें..! UP विधानसभा चुनाव से पहले राजभर का तंज, किसकी ओर था इशारा?
प्रदर्शन के दौरान निषाद समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर जिले से लेकर प्रदेश मुख्यालय तक आंदोलन किया जाएगा.


