कुलदीप सिंह, फतेहपुर. जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुरम स्थित सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. कक्षा12वीं (सेक्शन बी) के 17 वर्षीय छात्र तेजस उर्फ यशु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छात्र की मौत के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतक छात्र मुरांव गांव का रहने वाला था.
इसे भी पढ़ें- 200 सीट दें या गठबंधन तोड़ लें..! UP विधानसभा चुनाव से पहले राजभर का तंज, किसकी ओर था इशारा?
बता दें कि परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि विद्यालय में परीक्षा के दौरान तेजस के पास से कथित तौर पर नकल की पर्ची मिलने का आरोप लगाया गया. स्कूल प्रशासन ने न केवल छात्र को स्कूल से निष्कासित (रिस्ट्रिकेट) करने की धमकी दी, बल्कि उसकी बेरहमी से पिटाई भी की और उस पर 1,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया. इस मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से आहत छात्र बेहद तनाव में आ गया था.
परिजनों ने बताया कि घटना के बाद तेजस सदर कोतवाली क्षेत्र के सौंरा के पास अचेत (बेहोश) अवस्था में मिला. उसे तुरंत इलाज के लिए स्थानीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया. हालांकि, कानपुर ले जाते वक्त रास्ते में ही छात्र ने दम तोड़ दिया और उसकी सांसें थम गईं.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश भाई, चवन्नी के चक्कर में…ओपी राजभर का सपा सुप्रीमो पर करारा तंज, जानिए योगी के मंत्री ने ऐसा क्या कहा?
छात्र की मां ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है और मामले की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच की मांग की है. परिजनों और स्थानीय लोगों ने विद्यालय प्रबंधन की भूमिका की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र के साथ ऐसा सलूक न हो सके.


