लखनऊ. मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly elections 2027) के लिए सीटों को लेकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अपनी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के सीट बंटवारे को लेकर संख्या का खुलासा किया. साथ ही कांग्रेस और सपा पर चुटकी भी ली.
राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस मजबूत है 200 सीट मांग रही है. अखिलेश यादव 200 सीट दें या गठबंधन तोड़ लें. वहीं उन्होंने कहा कि अखिलेश PDA का फुलफार्म नहीं तय कर पा रहे हैं. बीजेपी से सीट बंटवारा को लेकर राजभर ने कहा कि सुभासपा की 83 सीटों पर लड़ने की तैयारी है.
इसे भी पढ़ें : हर हफ्ते नियुक्ति पत्र, 6 महीने में 1 लाख नौकरी… योगी के वादे पर मायावती का वार, बोलीं- कहीं चुनावी छलावा ना साबित हो जाए
बता दें कि ओपी राजभर इन दिनों विपक्ष पर लगातार हमलावर हैं. विशेषर समाजवादी पार्टी पर वे जमकर निशाना साध रहे हैं. बुधवार को ही उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के महिलाओं को 40 हजार रुपये देने के वादे पर तीखा हमला बोला. राजभर ने कहा कि जब अखिलेश यादव पांच साल मुख्यमंत्री रहे, तब उन्हें पिछड़े, दलित, महिला और नौजवान दिखाई नहीं दिए. अब चुनाव आते ही बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं.
राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य महिलाओं को लखपति दीदी बनाकर उन्हें रोजगार और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है. इसी कड़ी में महिलाओं को आर्थिक मदद और रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार में ये योजनाएं चल रही हैं. अब उत्तर प्रदेश में चुनाव हैं, इसलिए विपक्षी दल महिलाओं को लेकर राजनीति कर रहे हैं. राजभर ने दावा किया कि सरकार महिलाओं के लिए योजनाएं चला रही है और रोजगार से जोड़ने का काम कर रही है.


