लखनऊ. राजधानी लखनऊ के शहीद पथ पर शनिवार (5 सितंबर 2026) को देर रात गोरखपुर से सूरत जा रही डबल डेकर AC बस में अचानक आग लग गई. हादसा रात करीब साढ़े 12 बजे मेदांता अस्पताल के सामने हुआ. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. बस से करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं और लगभग एक किलोमीटर दूर तक धुआं दिखाई दिया.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, मलबे के सामने फ़ातिहा पढ़ेंगे? सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण को लेकर ओपी राजभर का हमला, पूछे कई सवाल

30 यात्रियों में मची अफरा-तफरी

बस में करीब 30 यात्री सवार थे. आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. ड्राइवर ने तत्काल बस रोककर सभी यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा. यात्रियों ने आनन-फानन में बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है.

ड्राइवर ने बताया कैसे हुआ हादसा

उरई निवासी ड्राइवर राहुल पटेल ने बताया कि वह शनिवार शाम करीब पांच बजे बस लेकर गोरखपुर से निकला था. मेदांता अस्पताल के सामने पहुंचते ही बस के पिछले हिस्से से कुछ टूटने की आवाज आई. इसके तुरंत बाद आग लग गई. ड्राइवर ने बस रोककर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी.

30 मिनट में आग पर पाया काबू

सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. उस समय बस पूरी तरह धू-धू कर जल रही थी. दमकलकर्मियों ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में बस का पिछला टायर फटने के बाद चिंगारी निकलने और आग भड़कने की बात सामने आई है.

इसे भी पढ़ें- ‘मस्जिद नहीं, हमारा दिल टूटा’, सहारनपुर में ध्वस्तीकरण पर इमरान मसूद का बड़ा बयान

हादसे के बाद शहीद पथ पर यातायात रोक दिया गया और वाहनों को दूसरे रास्ते से डायवर्ट किया गया. आग बुझने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से जली हुई बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका. ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया.