लखनऊ. राजधानी लखनऊ में छह साल की बच्ची के साथ यौन अपराध का गंभीर मामला सामने आया है. घटना गाजीपुर थाना क्षेत्र के बसतौली इलाके की है. परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले करीब 50 वर्षीय व्यक्ति पर बच्ची के साथ गलत हरकत करने का आरोप लगाया है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें- ICU में पद्मश्री प्रोफेसर को थप्पड़ मारने का आरोप, BHU में हड़कंप; मेडिकल बोर्ड ने शुरू की जांच

खेलते समय अचानक लापता हुई बच्ची

पीड़िता की मां के मुताबिक, परिवार मूल रूप से सीतापुर का रहने वाला है और बसतौली में किराए के मकान में रहता है. शनिवार रात करीब नौ बजे बच्ची घर के बाहर खेल रही थी. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर मां ने उसकी तलाश शुरू की.

पड़ोसी के कमरे में मिली बच्ची

तलाश के दौरान बच्ची पड़ोस में रहने वाले एक अन्य किराएदार के कमरे में मिली. मां के बुलाने पर बच्ची सामान्य प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी. उसकी स्थिति देखकर मां उसे घर लेकर आईं. इसके बाद बातचीत में बच्ची ने पड़ोसी व्यक्ति पर गलत हरकत करने का आरोप लगाया.

शिकायत के बाद आरोपी हिरासत में

बच्ची की बात सामने आने के बाद परिजनों ने गाजीपुर थाने में लिखित शिकायत दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस अब घटना से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, मलबे के सामने फ़ातिहा पढ़ेंगे? सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण को लेकर ओपी राजभर का हमला, पूछे कई सवाल

मेडिकल जांच और साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस

एसीपी गाजीपुर अतुल पांडेय के अनुसार, बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी कानूनी और चिकित्सीय पहलुओं की जांच कर रही है.