लखनऊ. सुल्तानपुर हाईवे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. गोसाईगंज थाना क्षेत्र के गंगागंज के पास ईंटों से लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे लगे स्टील क्रैश बैरियर से टकराने के बाद पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबने से चालक समेत चार मजदूरों की मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही गोसाईगंज पुलिस, दमकल विभाग और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची. राहत और बचाव कार्य के लिए क्रेन की मदद ली गई और ट्रॉली को हटाकर नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया.
ये भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में गैस सिलेंडर चाहिए तो तुरंत कराएं e-KYC, वरना होगी मुश्किल!
तड़के पौने 5 बजे हुआ भीषण हादसा
पुलिस के मुताबिक हादसा शनिवार सुबह करीब पौने 5 बजे गंगागंज स्थित सुल्तानपुर हाईवे पर हुआ. बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंट-भट्ठे से ईंट लेकर जा रही थी. इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया. ट्रॉली पर सवार मजदूर हादसे के बाद उसके नीचे दब गए। मौके पर पहुंचे बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला.
अस्पताल पहुंचने से पहले चारों ने तोड़ा दम
रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी गोसाईगंज भेजा गया. डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक गंभीर घायल ने ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
मृतकों की पहचान, परिवारों में मचा कोहराम
पुलिस जांच में मृतकों की पहचान संदीप रावत (25), पीतांबर रावत (35), पवन रावत (25) और बलराम रावत के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पीतांबर रावत बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र स्थित अचकाकामऊ गांव में देशराज के RBF ईंट-भट्ठे पर ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता था. अन्य मृतक मजदूरी का काम करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया.
ये भी पढ़ें- 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मायावती का बड़ा संदेश, संविधान और गरीबों के हक को लेकर उठाए सवाल
ओवरलोडिंग पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


