सतीश सिंह, लखनऊ. विश्व हिन्दू रक्षा परिषद (VHRP) ने शनिवार को गोमतीनगर के विशाल खंड-2 स्थित अपने कार्यालय पर सांसद पप्पू यादव के कथित सनातन-विरोधी बयान के विरोध में प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया. संगठन ने बयान को सनातन धर्म, संत समाज और धार्मिक आस्थाओं का अपमान बताते हुए पप्पू यादव से सार्वजनिक माफी की मांग की.

प्रदर्शन के दौरान परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने आरोप लगाया कि पप्पू यादव की टिप्पणी से करोड़ों सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं. उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति के आचरण के आधार पर पूरे संत समाज और भगवा परंपरा पर सवाल उठाना अनुचित है. गोपाल राय ने यह भी कहा कि यदि किसी अन्य धर्म के पैगंबर के बारे में ऐसी टिप्पणी की जाती, तो गंभीर प्रतिक्रिया देखने को मिलती.

इसे भी पढ़ें : BSP उम्मीदवारों का फैसला मैं ही करूंगी, ये अधिकार सिर्फ मेरा, आकाश आनंद को लेकर भ्रम न फैलाएं- मायावती

गोपाल राय ने यह भी आरोप लगाया कि पप्पू यादव द्वारा पहने गए कुर्ते पर श्रीराम मंदिर का चित्र अंकित था, जिसे उन्होंने करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा विषय बताते हुए आपत्तिजनक करार दिया. परिषद ने कहा कि श्रीराम मंदिर की गरिमा और सनातन परंपराओं के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.

विश्व हिन्दू रक्षा परिषद ने सरकार से मांग की कि पप्पू यादव अपने बयान पर संत समाज और सनातन धर्म के अनुयायियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें. संगठन ने कहा कि वह धार्मिक आस्थाओं के कथित अपमान का लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से विरोध जारी रखेगा.