लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टियों ने जमीनी स्तर पर अपना काम शुरू कर दिया है. इस प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया होती उम्मीदवारों का चयन. इसे लेकर मायावती ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है. असल में सियासी गलियारों में ये चर्चा चल रही है कि अब बसपा में उम्मीदवारों का चयन आकाश आनंद करेंगे. इसी बीच मायावती ने इसे सिरे से नकारते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है.

मायावती ने एक्स पर लिखा कि ‘जैसाकि सर्वविदित है कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा आमचुनाव अब बहुत नज़दीक आ रहा है, जिसकी तैयारी के लिए मेरे खुद के द्वारा प्रदेश की पिछली कई राज्य स्तरीय बड़ी बैठकें लखनऊ पार्टी प्रदेश कार्यालय में ली गई हैं और आगे भी जरूरत के अनुसार ली जाएंगी, जिसमें पार्टी के उम्मीद्वार तय करने के लिए पार्टी के खासकर प्रदेश और मण्डल स्तरीय पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत ही अभी तक मेरे द्वारा उनका इन्टरव्यू आदि लेकर लखनऊ में लगभग 2 दर्जन से ज़्यादा उम्मीदवार तय या फाइनल कर दिए गए हैं और आगे भी सभी सीटों पर मेरे द्वारा ही उम्मीदवार तय किये जाएंगे, जिसके बारे में अब पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनन्द को लेकर किस्म-किस्म के भ्रम फैलाये जा रहे हैं जिसमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है.

इसे भी पढ़ें : ‘भीड़ के बहाव में बह गई थी…’ PM मोदी पर विवादित टिप्पणी करने वाली रुचिका सिंह का माफीनामा, Video Viral

जबकि अकेले यूपी में ही नहीं बल्कि पूरे देश में जहां-जहां भी समय-समय पर विधानसभा के आमचुनाव होते हैं, या देश में लोकसभा के भी आमचुनाव होते हैं तो वहां भी उम्मीदवारों को अन्तिम रूप मेरे द्वारा ही दिया जाता है. यहां यह भी अवगत कराना है कि यूपी की जिन विधानसभा की सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार तय कर दिये गए हैं तो वहां मेरी अनुमति से ही पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा छोटी-बड़ी जनसभायें करके उनका ऐलान भी किया जा रहा है, जिसके तहत ही कुछ सीटों के उम्मीदवार का ऐलान आकाश आनन्द भी पार्टी की जनसभा करके करेंगे.

हालांकि इससे पहले देश के कई राज्यों में अभी हाल ही में विधानसभा के आमचुनाव हुये हैं जहां मेरे दिशा-निर्देशन में ही चुनावी जनसभा लेने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनन्द को भेजा गया और पिछले लगभग एक वर्ष से इनकी पूरे देश में पार्टी संगठन की समीक्षा बैठकें व जनसभा आदि करने के लिए भी इनको भेजा जा रहा है और वे भी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपनी जिम्मेवारी को निभा रहे हैं. इसलिए उत्तर प्रदेश में भी इसी क्रम में इनकी भी कुछ सीटों पर पार्टी के तय किए गए उम्मीदवारों के ऐलान के लिए जनसभायें हो रही हैं. जबकि इससे पहले यूपी की राजधानी लखनऊ में दिनांक 9 अक्टूबर सन 2025 को मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि पर पार्टी की ऐतिहासिक महारैली भी हुई, जिसमें आकाश आनन्द को बोलने का मौका दिया गया. साथ ही, इसके पूर्व यहां लोकसभा के हुए आमचुनाव में भी इनको पूरे प्रदेश में और देश के अन्य राज्यों में भी पार्टी की चुनावी जनसभायें लेने के लिए भेजा गया था, यह सब सोशल मीडिया आदि पर मौजूद है.

इसे भी पढ़ें : राशन दुकानों से लेकर स्कूलों तक मिलेगा तिरंगा, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत योगी का 5 करोड़ घरों का लक्ष्य

जबकि यह सब पार्टी की रूटीन प्रक्रिया के तहत् हो रहा है. इसका आकाश आनन्द के कद को बढ़ाने व कम करने आदि से कोई लेना देना नहीं है और ना ही पार्टी के उम्मीद्वार भी तय करने से कोई लेना देना है. यह भी पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की तरह ही पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिशा-निर्देशन में यू.पी. में कुछ स्थानों पर पार्टी के उम्मीद्वार के ऐलान के लिये जनसभा कर रहे हैं. लेकिन फिर भी इनके बारे में सोशल मीडिया आदि पर आए दिन अनाप-सनाप बातें करना यह ठीक नहीं है. पार्टी के लोग ऐसे सभी शरारती व जातिवादी तत्वों से हमेशा सावधान रहें.