Ruchika Singh Jantar Mantar Viral Girl Apology, नोएडा. दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आई रुचिका सिंह (Ruchika Singh Jantar Mantar Viral Girl Apology) ने अब सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है. सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में वह हाथ जोड़कर अपने बयान पर खेद जताती नजर आ रही है. हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

वीडियो में रुचिका कहती है कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस घूमने गई थी. वहां छात्र प्रदर्शन चल रहा था और आसपास मौजूद कुछ लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगा रहे थे. उसने दावा किया कि वह उसी माहौल और भीड़ के प्रभाव में आ गई और उसने भी अनुचित भाषा का इस्तेमाल कर दिया. रुचिका ने वीडियो में कहा, “मैं सिर्फ 15 साल की हूं. मैंने जो कुछ कहा, वह बिल्कुल गलत था. मुझे अपने किए पर बहुत शर्मिंदगी है. मैं पूरे देश से हाथ जोड़कर माफी मांगती हूं. यह मेरी पहली और आखिरी गलती होगी। भविष्य में ऐसी गलती कभी नहीं दोहराऊंगी.”

इसे भी पढ़ें : CWG2026 में जूडो का गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं अस्मिता, PM मोदी और CM योगी ने दी बधाई

वायरल वीडियो के बाद दर्ज हुई FIR

मामला उस समय तूल पकड़ गया जब जंतर-मंतर प्रदर्शन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में रुचिका पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगा. इसके बाद शिकायत के आधार पर नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी. जांच के दौरान पुलिस सेक्टर-18 स्थित उस फ्लैट पर भी पहुंची, जहां रुचिका के रहने की जानकारी मिली थी, लेकिन वह वहां नहीं मिली. इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों और परिचितों से भी जानकारी जुटाई.

मां ने भी मांगी बेटी के लिए माफी

रुचिका की मां ने भी पुलिस के समक्ष लिखित माफीनामा देकर बेटी की ओर से खेद व्यक्त किया है. उन्होंने पुलिस से मामले में नरमी बरतने की अपील करते हुए कहा कि उनकी बेटी से गंभीर भूल हुई है और परिवार इस घटना को लेकर बेहद दुखी है. जांच के दौरान पुलिस एक स्थानीय ब्यूटी सैलून भी पहुंची, जहां रुचिका के आने-जाने की जानकारी मिली थी. सैलून संचालिका ने पुलिस को बताया कि वह वहां अस्थायी रूप से काम सीखने आती थी. उसके पास कोई पहचान पत्र जमा नहीं कराया गया था और वह अपना नाम भी अलग बताती थी. पुलिस इन तथ्यों का भी सत्यापन कर रही है. जांच पूरी होने के बाद पुलिस की तरफ से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

देखिए वीडियो-