लखनऊ. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (CWG2026) में भारतीय जूडो टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए देश को गर्व का मौका दिया. महज 30 मिनट के अंतराल में यूपी की अस्मिता डे ने स्वर्ण पदक (Asmita Dey Gold Medal) जीतकर भारतीय जूडो के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया. अस्मिता की इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी है.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि ‘सच में एक गोल्डन परफॉर्मेंस. जूडो विमेंस 48KG फाइनल में गोल्ड जीतने के लिए अस्मिता डे पर गर्व है. यह परफॉर्मेंस हमेशा याद रखी जाएगी और जूडो को और भी पॉपुलर बनाने में मदद करेगी. उनके आगे के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं.’
इसे भी पढ़ें : एम्स रायबरेली में तीमारदारों को मिलेगी छत: सेवादान संस्था संग MoU, परिसर में ही बनेगा विश्राम गृह
‘कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG2026) में महिलाओं के 48 किलोग्राम भारवर्ग की जूडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अर्जित कर वैश्विक पटल पर मां भारती को गौरवभूषित करने वाली यूपी पुलिस में उप निरीक्षक सुश्री अस्मिता डे को हार्दिक बधाई. देश की बेटियों के अदम्य साहस, अनुशासन, संकल्प और परिश्रम की प्रेरक प्रतीक इस स्वर्णिम उपलब्धि पर प्रत्येक भारत वासी को गर्व है. अस्मिता डे की स्वर्णिम सफलता की यह यात्रा अविराम चलती रहे, यही मंगलकामना है.’
CWG में जूडा का पहला गोल्ड
23 वर्षीय अस्मिता डे ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में कनाडा की हेडी क्वाच को रोमांचक गोल्डन स्कोर मुकाबले में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इसके साथ ही वह कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो का गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं. फाइनल मुकाबले की शुरुआत अस्मिता के लिए आसान नहीं रही. उन्होंने पहले युको गंवाया और फिर एक पेनल्टी भी मिली, जिससे कनाडाई खिलाड़ी बढ़त पर पहुंच गईं. हालांकि, अस्मिता ने शानदार संयम और आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबले को गोल्डन स्कोर तक पहुंचाया और अंततः ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ उन्होंने 36 वर्षों का स्वर्ण पदक का इंतजार समाप्त कर दिया.


