लुधियाना : शहर से भयानक आगजनी की खबर सामने आई है. यह घटना फील्ड गंज इलाके में हुई है. जहां बेहद सकरी गलियाँ है और आरोप है कि यहां एक गोदाम में फटाखे रखे थे जो इस विनाश का कारण बने. आग लगते है फैलने में समय नहीं लगा. लगातार कई धमाके हुए जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी. देखते ही देखते पूरा गोदाम आग का गोला बनते नजर आय. आसमान में उठते काले धुएं के घने गुबार को देखकर आसपास के रिहायशी मकानों में रहने वाले लोगों में चीख-पुकार मच गई.

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस गोदाम में अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखों का जखीरा डंप किया गया था, जिसके चलते आग ने चंद मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया, वहीं राजनीतिक गलियारों और स्थानीय सूत्रों में यह बात तेजी से फैल गई है कि यह गोदाम सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के एक स्थानीय नेता से जुड़ा हुआ है, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया है. फील्ड गंज क्षेत्र की तंग गलियों के बीच स्थित इस गोदाम में लगी आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि लपटें कई मीटर ऊंची उठने लगीं.

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के खिलाफ भारी रोष जताते हुए आरोप लगाया कि त्योहारों के मद्देनजर नियमों को पूरी तरह ताक पर रखकर इस घनी आबादी वाले इलाके में अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखे और ज्वलनशील सामग्री छिपाकर रखी गई थी. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. हालांकि, फील्ड गंज की संकरी गलियां होने के कारण फायर टेंडरों को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी. दमकल कर्मी जान जोखिम में डालकर आग के केंद्र तक पहुंचे और पानी की तेज बौछारें डालकर लपटों पर काबू पाने की जद्दोजहद में जुटे रहे.

लोगों का कहना है कि रिहायशी मकानों के बिल्कुल बीचों-बीच पटाखों का ऐसा अवैध स्टॉक जमा करना सीधे तौर पर सैकड़ों मासूम जिंदगियों को दांव पर लगाने जैसा है. सूत्रों के मुताबिक, जिस गोदाम में आग लगी है, उसका संबंध सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के एक स्थानीय नेता से बताया जा रहा है, हालांकि इसे लेकर अधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.