दुमका। बकरी पालन योजना में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. अंजुला मुर्मू समेत करीब दो दर्जन लोगों से 1.37 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि निवेशकों को 8 से 13 महीने में रकम दोगुनी करने और 75 प्रतिशत तक रिटर्न का लालच दिया गया। मामले में विश्वविद्यालय ओपी पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग की प्राथमिकी दर्ज की है।
बकरी पालन में निवेश के दो पैकेज, 75% रिटर्न का दावा
प्राथमिकी के अनुसार, दिसंबर 2025 में बिहार के नवादा निवासी विनोद कुमार सिंह, रंजीत शर्मा, मनीष कुमार सिंह और विवेक कुमार ने ‘रियल वर्ल्ड एसेट्स’ नामक कंपनी की बकरी पालन परियोजना में निवेश का प्रस्ताव रखा।
निवेशकों को दो पैकेज बताए गए। एक में 5 प्रतिशत और दूसरे में 75 प्रतिशत रिटर्न देने का दावा किया गया। आरोप है कि 8 और 13 महीने में मूलधन दोगुना करने का भरोसा देकर लोगों से 1 हजार रुपये से लेकर 15 लाख रुपये तक निवेश कराया गया।
प्रोफेसर की सामाजिक साख का भी इस्तेमाल
डॉ. अंजुला मुर्मू का आरोप है कि उनकी सामाजिक छवि और समुदाय में साख का इस्तेमाल कर कई अन्य लोगों को भी इस योजना में निवेश के लिए तैयार किया गया। शिकायत में विलियम जैकब, सुष्मिता सोरेन और रीता की भूमिका का भी जिक्र किया गया है।
प्लेटफॉर्म बंद होते ही खुला कथित ठगी का खेल
13 अगस्त को कंपनी का ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बंद हो गया। इसके बाद मुख्य आरोपी विनोद कुमार सिंह का मोबाइल भी बंद मिला और उसके फरार होने की बात सामने आई।इसी बीच विलियम जैकब ने व्हाट्सऐप पर ‘रा पब्लिक’ नाम से ग्रुप बनाया, जिसमें 32 सदस्यों को जोड़ा गया।
अब प्रोफेसर पर ही लगाए आरोप, 60 लाख की रंगदारी का दावा
डॉ. अंजुला मुर्मू का आरोप है कि विलियम जैकब ने उन्हें कंपनी की निदेशक और सुमित नायक को सिस्टम ऑपरेटर बताते हुए निवेशकों का पैसा जमा नहीं करने का आरोप लगाया।
वहीं, प्रोफेसर का कहना है कि वह और सुमित नायक खुद इस कथित ठगी के शिकार हैं। आरोप है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है।
सात लोगों पर FIR, पुलिस कर रही जांच
पीड़िता के बयान पर विश्वविद्यालय ओपी पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया है। पुलिस लेन-देन, दस्तावेजों और कंपनी से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।थाना प्रभारी बाजो रजक ने बताया कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



