० यमुनानगर के जागधोली गांव का मामला, डेढ़ साल तक झांसे में रखकर ऐंठी रकम; तीन आरोपियों पर केस दर्ज
यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले के जागधोली गांव में अंधविश्वास और लालच का फायदा उठाकर एक व्यक्ति से करीब एक करोड़ रुपये की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित को उसके घर की जमीन में डेढ़ करोड़ रुपये का सोने का खजाना दबा होने का झांसा दिया और उसे निकालने के लिए विशेष पूजा-पाठ व तांत्रिक क्रियाओं का हवाला देकर डेढ़ साल में किश्तों में पूरी रकम ऐंठ ली। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जागधोली निवासी छमिंद्र कुमार ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले इरशाद और मुनव्वर नाम के दो व्यक्ति उसके घर आए। दोनों ने दावा किया कि उसके घर के नीचे करोड़ों रुपये का सोने का खजाना दबा हुआ है। उन्होंने खुद को इस काम का जानकार बताते हुए उत्तर प्रदेश से जंगशेर उर्फ जस्सी नाम के एक तांत्रिक को भी बुला लिया।
आरोपियों ने सबसे पहले शीतला माता मेले में विशेष पूजा कराने के नाम पर 40 हजार रुपये लिए। इसके बाद खजाना सुरक्षित निकालने, ग्रह शांति, तांत्रिक अनुष्ठान और अन्य धार्मिक क्रियाओं के नाम पर लगातार अलग-अलग किस्तों में पैसे लेते रहे। पीड़ित आरोपियों के झांसे में फंसता गया और देखते ही देखते करीब डेढ़ साल में उनसे लगभग एक करोड़ रुपये ले लिए गए।
जब लंबे समय तक न तो कोई खजाना मिला और न ही सोना, तब पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। उसने आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो उन्होंने जान से मारने और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
इसके बाद पीड़ित ने छप्पर थाना पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने इरशाद, मुनव्वर और जंगशेर उर्फ जस्सी के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

