पटना। बिहार पर्यटन निगम जल्द ही पटना में पटना दर्शन पैकेज शुरू करने जा रहा है, जिसमें पर्यटक लग्जरी कैरावैन बस के जरिए शहर के ऐतिहासिक और दर्शनीय स्थलों का आनंद ले सकेंगे। यह बस किसी चलते-फिरते 5 स्टार होटल से कम नहीं है।
एक ही पैकेज में इन स्थलों की सैर
इस सेवा के माध्यम से पर्यटक तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा, बिहार म्यूजियम, बापू टावर, गोलघर और सभ्यता द्वार देख सकेंगे। इतना ही नहीं, जेपी गंगा पथ पर बस रुकने के दौरान पर्यटक गंगा में स्पीड बोट राइड का भी अनुभव ले सकेंगे।
लग्जरी और सुरक्षा का अनूठा संगम
2 करोड़ 18 लाख की लागत से खरीदी गई इन दो आधुनिक कैरावैन बसों में सुरक्षा के लिए 6 सीसीटीवी कैमरे और आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की सुविधा दी गई है। यह बस एयर-कंडीशन्ड है और इसे बुलेट प्रूफ गाड़ियां बनाने वाली कंपनी ने डिजाइन किया है।
अंदरूनी सुविधाएं: किसी आलीशान कमरे से कम नहीं
- आरामदायक सीटें: बस में 4 रिक्लाइनर, 3 सीटर सोफा और 4 स्लीपर बर्थ हैं। रिक्लाइनर 360 डिग्री तक घूम सकते हैं।
- टेक्नोलॉजी और मनोरंजन: हर स्लीपर बर्थ और मुख्य केबिन में स्मार्ट टीवी, मोटराइज्ड पर्दे, रीडिंग लैंप और चार्जिंग पॉइंट मौजूद हैं। ऑटोमेटिक फोल्डेबल स्टेप्स के जरिए बस में एंट्री की जा सकेगी।
- किचन और डाइनिंग: किचन में इंडक्शन चूल्हा, फ्रिज, माइक्रोवेव, वाटर कूलर और वॉश बेसिन की सुविधा है, जिससे यात्री यात्रा के दौरान अपना खाना खुद तैयार कर सकते हैं।
- बाथरूम और ड्रेसिंग: मरीन टॉयलेट के साथ शॉवर एरिया, जिसमें गर्म और ठंडा पानी उपलब्ध होगा। इसके अलावा, ड्रेसिंग एरिया में बड़ा आईना और मेकअप के लिए सेल्फ दी गई है।
बुकिंग और किराया
पर्यटन निगम के कार्यालय (दारोगा राय पथ) से ऑफलाइन बुकिंग की जा सकेगी। बस में एक बार में अधिकतम 12 पर्यटक सफर कर सकते हैं। गाइड की आवश्यकता होने पर 1500 रुपये का अतिरिक्त शुल्क देना होगा। इसके अलावा, पूरे बिहार और देश के अन्य हिस्सों की यात्रा के लिए इन बसों को 75 रुपये प्रति किलोमीटर (न्यूनतम 250 किमी) की दर से भी बुक किया जा सकेगा। फिलहाल, विभाग से स्वीकृति मिलते ही किराया और संचालन की तारीख आधिकारिक रूप से घोषित कर दी जाएगी।

