मधुबन पुलिस अकादमी के हर्षवर्धन सभागार में तनाव प्रबंधन पर कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य वक्ता डॉ. सौभाग्य कौशिक ने पुलिसकर्मियों को ध्यान और योग के जरिए स्वस्थ रहने के तरीके बताए।

सुमन चौहान, करनाल। पुलिस अकादमी मधुबन के हर्षवर्धन सभागार में “मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन” विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें सिविल अस्पताल करनाल की नोडल ऑफिसर डॉ. सौभाग्या एस. कौशिक मुख्य अतिथि वक्ता के रूप में उपस्थित रही। उन्होंने कार्यशाला में प्रतिभागियों को मेडिटेशन का अभ्यास भी कराया। मुख्य अतिथि वक्ता डॉ. सौभाग्य कौशिक ने अपना संबोधन आरंभ करने से पहले इस जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन के लिए श्रीमती कला रामचंद्रन भा.पु.से, निदेशक हरियाणा पुलिस अकादमी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छे स्वास्थ्य से अभिप्राय है कि व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से स्वस्थ हो। अच्छा मानसिक स्वास्थ्य हमें सही निर्णय लेने, रिश्तों को बेहतर बनाए रखने, चुनौतियों का सामना करने और जीवन में संतुलन बनाए रखने में सहायता करता है।

बढ़ते तनाव के मुख्य कारण

उन्होंने कहा कि आज की तेज़-रफ़्तार जीवनशैली में तनाव की समस्या निरंतर बढ़ती जा रही है, आठ में से एक व्यक्ति तनाव की समस्या से पीड़ित है। प्राय देखा गया है कि पढ़ाई का दबाव, नौकरी की चिंता, पारिवारिक एवं आर्थिक समस्याएँ तनाव के प्रमुख कारण हैं। थोड़ी मात्रा में तनाव हमें प्रेरित कर सकता है, जिसके सकारात्मक परिणाम आ सकते है। लेकिन लंबे समय तक रहने वाला तनाव हमारे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। जिससे अनिद्रा, चिड़चिड़ापन, चिंता, अवसाद, उच्च रक्तचाप और कार्यक्षमता में कमी जैसी जटिल समस्याएँ हो सकती हैं। मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम और योग करें।

स्वस्थ जीवन के सरल उपाय

प्रतिदिन कुछ समय ध्यान (मेडीटेशन) या गहरी साँस लेने का अभ्यास करें, पर्याप्त नींद लें, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन करें, अपने परिवार और मित्रों के साथ समय बिताएँ और अपनी भावनाएँ खुलकर साझा करें। समय का सही प्रबंधन करें और कार्यों की प्राथमिकता तय करें। मोबाइल और सोशल मीडिया का संतुलित उपयोग करें। यदि तनाव या मानसिक परेशानी लंबे समय तक बनी रहे, तो किसी योग्य मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेने में संकोच कदापि न करें। इस अवसर पर हरियाणा पुलिस अकादमी की उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा, निरीक्षक राजबीर सिंह, निरीक्षक सीमा, आउटडोर व इंडोर स्टाफ के सदस्य भी उपस्थित रहे।