मोहम्मद करीमुल्लाह, मधुबनी। जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसा सामने आया है। स्टेट हाईवे-52 पर जगदंबा पेट्रोल पंप के पास मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने कुचल दिया, जिससे तीन महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद से इलाके में कोहराम मचा हुआ है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

​झपकी आने और नींद में होने के कारण हुआ हादसा

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अहले सुबह करीब छह बजे छह महिलाओं का एक समूह मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। वॉक से लौटने के बाद ये महिलाएं विश्राम करने के लिए सड़क किनारे बैठ गईं। इसी दौरान रहिका की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन का ड्राइवर नींद में था और उसे झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह सड़क किनारे बैठी महिलाओं को देख नहीं पाया और यह भयानक दुर्घटना घट गई।

मृत महिलाओं की पहचान

इस दुर्घटना में जान गंवाने वाली तीनों महिलाओं की पहचान नवटोली (धकजरी) गांव के निवासियों के रूप में हुई है:

  • ​रीता देवी (उम्र 42 वर्ष, पत्नी पच्चू शाह)
  • ​किरण देवी (उम्र 40 वर्ष, पत्नी राजू महतो)
  • ​फूलदाई देवी (उम्र 70 वर्ष, पत्नी स्वर्गीय अरुण झा)

​घटना के समय सुबह का धुंधलका और अंधेरा होने के कारण स्पष्ट रूप से कुछ दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया।

​शव हटाने को लेकर आक्रोश, सड़क पर चक्काजाम

​घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने तीनों शवों को सड़क पर ही रखकर एसएच-52 को पूरी तरह जाम कर दिया। जगदंबा पेट्रोल पंप के पास दोनों तरफ करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों लंबी कतारें लग गईं और सुबह 6 बजे से लेकर 10 बजे तक यातायात पूरी तरह से बाधित रहा।
​सूचना मिलते ही बेनीपट्टी और अरेर थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अनूप कुमार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि फरार चालक और वाहन को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा तथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम और शोक का माहौल पसरा हुआ है।