मोहम्मद करीमुल्लाह, मधुबनी। भारत-नेपाल सीमा से सटे लदनियां थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध कोडीन युक्त सिरप और विदेशी मुद्रा के कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विशेष छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 19.9 लीटर कोडीन युक्त सिरप, नेपाली, भारतीय, सऊदी अरब और यूएई की मुद्रा सहित कई अहम सामान बरामद किए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात गुप्त सूचना के आधार पर कड़हरवा के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। भागने की कोशिश कर रहे आरोपी ब्रह्मदेव कुमार राम को पकड़ने के बाद उसके पास से 19 लीटर कोडीन युक्त सिरप बरामद हुआ। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह यह सिरप खाजेडीह स्थित एक मेडिकल हॉल से खरीदकर नेपाल सीमा के इलाकों में बेचता था।
नेपाली और अन्य विदेशी करेंसी बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बब्लू मेडिकल हॉल में छापेमारी कर संचालक बब्लू कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दुकान से 0.9 लीटर कोडीन सिरप, मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की गई। इसके बाद तीसरे आरोपी शम्भू प्रसाद साह के ठिकाने पर छापेमारी में बड़ी मात्रा में नेपाली और भारतीय मुद्रा के साथ अन्य विदेशी करेंसी भी बरामद हुई।
तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कोडीन सिरप की तस्करी और मुद्रा के लेन-देन का संगठित नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। बरामद मोबाइल फोन से भी लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच जारी है। इस मामले में लदनियां थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों तथा वित्तीय नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है। भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय अवैध कारोबार पर यह कार्रवाई पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: वीणा मानवी को कोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी के कुछ देर बाद मिली जमानत

