कुंदन कुमार, पटना। पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की उम्मीदवार वीणा मानवी को जमानत मिल गई है। न्यायालय की ओर से वीणा मानवी को यह बड़ी राहत मिली है। गौरतलब है कि आज सोमवार (13, जुलाई) को नामांकन के बाद गांधी मैदान थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

आधे घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

पटना पुलिस ने साल 2009 में दर्ज एक कथित धोखाधड़ी (धारा 420 सहित अन्य धाराओं) से जुड़े मामले में न्यायालय से जारी वारंट लेकर पहुंची थी। जैसे ही वीणा मानवी नामांकन प्रक्रिया पूरी कर बाहर निकलीं, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान मौके पर करीब आधे घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा और समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई।

बेटे और बेटी ने बताया राजनीतिक साजिश

वीणा मानवी के बेटे और बेटी ने गिरफ्तारी को राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई है। वहीं, जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव ने दिल्ली से वीडियो जारी कर कहा कि वह जल्द पटना पहुंचेंगे और इस मामले में आवाज उठाएंगे। गिरफ्तारी के दौरान वीणा मानवी भावुक भी नजर आईं। पुलिस ने उन्हें वाहन में बैठाकर थाना ले गई। हालांकि अब न्यायालय से उन्हें जमानत मिल गई है।

बीजेपी पर लगाया आरोप

वीणा मानवी ने खुद पर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए अपनी गिरफ्तार को एक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया है। वीणा मानवी ने कहा कि, यह सब बीजेपी के इशारे पर हो रहा है। चुनाव में हार के डर से मुझे फंसाया जा रहा है। जनता सब देख रही है और इसका जवाब चुनाव में देगी।

पटना टाउन डीएसपी 2 का बयान

वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर पटना टाउन डीएसपी 2 कामाख्या नारायण सिंह ने कहा कि, वर्ष 2009 का धोखाधड़ी का मामला है। जिस केस में न्यायालय के द्वारा उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लगभग दो महीने पहले जारी किया गया था, जिस मामले में आज उनकी गिरफ्तारी की गई है और माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

15 उम्मीदवारों ने भरा है नामांकन

बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन का आज (13, जुलाई 2026) आखिरी दिन था। आज अंतिम दिन वीणा मानवी समेत कुल 4 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया, जिनमें जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर, बीजेपी से नीरज सिन्हा और एक किन्नर ने भी नामांकन भरा है। इससे पहले शनिवार तक राजद की रेखा गुप्ता समेत कुल 11 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन भरा था। नामांकन भरने का समय अब समाप्त हो चुका है। ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव के लिए मैदान में कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके बीच मुकाबला होना है।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: प्रीति किन्नर ने भी ठोकी ताल, नामांकन के बाद किया जीत का दावा