कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सोमवार (13, जुलाई) को प्रीति किन्नर ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, महिला सुरक्षा को लेकर हमें जीतकर काम करना है। युवाओं के रोजगार के लिए काम करना है।
प्रीति किन्नर ने किया जीत का दावा
प्रीति किन्नर ने बताया कि, उन्होंने पहले एक पार्टी के साथ जुड़कर अपनी राजनीति शुरू की थी। लेकिन अब उस घर (पार्टी) को छोड़कर वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में बांकीपुर का उपचुनाव लड़ने के लिए मैदान में हैं। अब हमें घर-घर का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि, कितने भी धुरंधर आ जाएं मैदान में, जनता जिसे पसंद करेगी वही जीतेगा। हम यहां से चुनाव जीत रहे हैं।
बीजेपी से नीरज सिन्हा ने भरा नामांकन
बीजेपी से नीरज सिन्हा ने भी आज अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद नीरज कुमार सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, पार्टी का साथ मिला है। संगठन के बड़े नेताओं का आशीर्वाद मिला है। बांकीपुर के कार्यकर्ताओं का प्यार मिल रहा है। इससे ज्यादा वे कुछ नहीं कहेंगे। किसी उम्मीदवार पर मेरी कोई टिप्पणी नहीं होगी। जनता के बीच जाऊंगा। जनता का आशीर्वाद लेना है।
बीजेपी के अहंकार को मिटाने का चुनाव
वहीं, जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने नामांकन के बाद कहा कि, किसी का कोई गढ़ नहीं होता है। सबकुछ जनता का होता है, जनता जिसको चाहेगी उसकी जीत होगी। किसी पार्टी और नेता का कोई गढ़ नहीं होता है। जनता का गढ़ है। पीके ने कहा कि, बांकीपुर विधानसभा का जो उप चुनाव हो रहा है। वह चुनाव नहीं है। यह बिहार में नेतृत्व बदलने का चुनाव है। बिहार में बीजेपी की अहंकार को मिटाने का चुनाव है।
जजद की वीणा मानवी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
वहीं, जजद की उम्मीदवार वीणा मानवी को नामांकन भरने के बाद पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पटना पुलिस ने उन्हें साल 2009 से जुड़े एक केस, गिरफ्तार किया है, जिसमें उनपर धारा 420 (धोखाधड़ी का आरोप) लगा था। हालांकि वीणा मानवी ने खुद पर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए अपनी गिरफ्तार को एक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया है। वीणा मानवी ने कहा कि, यह सब बीजेपी के इशारे पर हो रहा है। चुनाव में हार के डर से मुझे फंसाया जा रहा है। जनता सब देख रही है और इसका जवाब चुनाव में देगी।
15 उम्मीदवारों के बीच होगा मुकाबला
बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन का आज (13, जुलाई 2026) आखिरी दिन था। आज अंतिम दिन प्रीति किन्नर समेत कुल 4 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया, जिनमें जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर, बीजेपी से नीरज सिन्हा और जजद से वीणा मानवी ने भी नामांकन भरा है। इससे पहले शनिवार तक राजद की रेखा गुप्ता समेत कुल 11 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन भरा था। नामांकन भरने का समय अब समाप्त हो चुका है। ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव के लिए मैदान में कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके बीच मुकाबला होना है।
ये भी पढ़ें- वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर बेटी प्रार्थना जायसवाल का फूटा गुस्सा, मीडिया को सुनाई खरी-खरी

