कुंदन कुमार, पटना। जजद से बांकीपुर उपचुनाव लड़ रही वीणा मानवी को आज नामांकन के बाद पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन्हें साल 2009 से जुड़े एक केस में गिरफ्तार किया है। वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर उनकी बेटी प्रार्थना जायसवाल मीडिया पर भड़क उठी। उन्होंने कहा कि, जिन लोगों ने गलत खबर चलाया, उन्हें पता होना चाहिए वीणा मानवी का नामांकन हो गया है। पटना पुलिस ने जान बूझकर मेरी मां को गिरफ्तार किया है।
मेरी मां को फंसाया गया- प्रार्थना जायसवाल
प्रार्थना जायसवाल ने कहा कि, 20 साल से मेरी मां (वीणा मानवी) बांकीपुर के जनता की सेवा किया था। यह कैसी सरकार है? भरत तिवारी जैसे लोगों को एनकाउंटर करती है और रेपिस्ट पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। जनता सब देख रही है कि किस तरह मेरी मां को फंसाया गया है।
पटना पुलिस ने 420 मामले में किया गिरफ्तार
बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए आज नामांकन का अंतिम दिन (दोपहर 3:30 बजे तक) था। जजद से चुनाव लड़ रही वीणा मानवी ने भी आज अपना नामांकन दाखिल किया। हालांकि नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद उन्हें पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वीणा मानवी की गिरफ्तारी होते ही बिहार की सियासी गलियारों में हलचल मच गई। पटना पुलिस ने उन्हें साल 2009 से जुड़े एक केस, गिरफ्तार किया है, जिसमें उनपर धारा 420 (धोखाधड़ी का आरोप) लगा था।
बीजेपी पर लगाया आरोप
हालांकि वीणा मानवी ने खुद पर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए अपनी गिरफ्तार को एक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया है। वीणा मानवी ने कहा कि, यह सब बीजेपी के इशारे पर हो रहा है। चुनाव में हार के डर से मुझे फंसाया जा रहा है। जनता सब देख रही है और इसका जवाब चुनाव में देगी।
वीणा मानवी की गिरफ्तार पर भड़के तेज प्रताप यादव
वीणा मानवी की गिरफ्तारी के बाद जजद प्रमुख तेज प्रताप यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपनी उम्मीदवार की गिरफ्तारी को पूरी तरह से गलत और बदले की राजनीति करार दिया है। तेज प्रताप ने कहा वीणा मानवी एक समर्पित समाज सेविका हैं और हमारे दल से चुनाव लड़ रही हैं। उनकी अचानक हुई गिरफ्तारी राज्य सरकार की हताशा को दर्शाती है।
तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सत्ताधारी दल के रूप में डर गई है और इसी बौखलाहट में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि नामांकन के दिन ही वारंट कैसे और किन परिस्थितियों में जारी किया गया। फिलहाल दिल्ली में मौजूद तेज प्रताप ने चेतावनी देते हुए कहा मैं जल्द ही वापस आऊंगा और इस अन्याय का पूरा हिसाब लिया जाएगा। विपक्षी ताकतें हमें डराने की कोशिश कर रही हैं लेकिन हम झुकेंगे नहीं।
15 उम्मीदवारों ने भरा है नामांकन
बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन का आज (13, जुलाई 2026) आखिरी दिन था। आज अंतिम दिन वीणा मानवी समेत कुल 4 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया, जिनमें जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर, बीजेपी से नीरज सिन्हा और एक किन्नर ने भी नामांकन भरा है। इससे पहले शनिवार तक राजद की रेखा गुप्ता समेत कुल 11 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन भरा था। नामांकन भरने का समय अब समाप्त हो चुका है। ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव के लिए मैदान में कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके बीच मुकाबला होना है।
ये भी पढ़ें- कोर्ट में विधायक अनंत सिंह और अभिनेता गुंजन सिंह का सरेंडर, मिली जमानत

