मध्य प्रदेश के उज्जैन और निवाड़ी में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। नदी में डूबने से 3 लोगों की जिंदगियां खत्म हो गई। अलग-अलग जगह हुए इस हादसे से एक तरफ मृतकों के परिवार में मातम पसर गया है। वहीं दूसरी ओर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

उज्जैन में चप्पल निकालने के दौरान नदी में गिरे काका-भतीजा,मौत

प्रदीप मालवीय, उज्जैन।
महिदपुर से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शिप्रा नदी के बड़े पुल पर एक छोटी सी लापरवाही ने दो जिंदगियां खत्म कर दीं। नदी में गिरी चप्पल को निकालने की कोशिश में काका और भतीजे की पानी में डूबने से मौत हो गई है। पुलिस ने ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को नदी से बाहर निकाला।  

जानकारी के अनुसार, नारायण खेड़ी निवासी 14 वर्षीय आयुष, पिता अशोक, जो पानी सप्लाई का काम करता था, उसकी चप्पल अचानक नदी के किनारे गिर गई। अपनी चप्पल निकालने के लिए आयुष ने बिना सोचे-समझे बड़ी पुलिया से नदी में छलांग लगा दी। आयुष को पानी में डूबता देख पास ही मौजूद उसके 25 साल के काका आसाराम ने बिना वक्त गंवाए ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा किया और तुरंत नदी में छलांग लगा दी। लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों खुद को संभाल नहीं पाए और देखते ही देखते दोनों पानी में डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही महिदपुर पुलिस प्रशासन और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब ढाई घंटे की भारी मशक्कत के बाद काका और भतीजे दोनों के शवों को पानी से बाहर निकाला जा सका। इस हादसे से पूरे नारायण खेड़ी गांव में मातम पसरा हुआ है।

मृतक आसाराम की शादी अभी एक महीने पहले ही हुई थी, जिससे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। महिदपुर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महिदपुर के शासकीय चिकित्सालय पहुंचा दिया है। पुलिस मर्ग कायम कर आगे की जांच कर रही है। स्थानीय प्रशासन ने एक बार फिर आम जनता से अपील की है कि वे नदियों और गहरे जलस्रोतों के पास सावधानी बरतें और ऐसे जानलेवा कदम उठाने से बचें।

निवाड़ी में नहाने के दौरान डूबने से UP के युवक की मौत

धर्मेंद्र यादव, निवाड़ी। पर्यटन और धार्मिक नगरी ओरछा धाम में बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी हर्ष वर्मा के रूप में हुई है। बता दें कि बार-बार समझाइश के भी लोग नहीं मानते हैं और ऐसे हादसे का शिकार हो रहे हैं। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m