संजय पाटीदार, भोपाल। धनतेरस पर राजधानी भोपाल के सराफा बाजार में रौनक बढ़ गई है। सोने-चांदी की कीमतों में आई नरमी के चलते ग्राहक खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे है। सराफा बाजार से लेकर शहर के बड़े ज्वेलरी शोरूम तक पिछले 15 दिनों से ग्राहकों की चहल पहल बढ़ी हुई है। खास बात यह है कि लोग धनतेरस के शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए पहले से ही गहनों की बुकिंग किया है। सराफा कारोबारियों को उम्मीद है कि इस बार दिवाली सीजन में भोपाल का सोना चांदी कारोबार 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकता है।

सराफा व्यापारियों के मुताबिक, सोने-चांदी के भाव में आई गिरावट का असर बाजार में साफ दिखाई दे रहा है। सोना करीब 1 लाख 42 हजार रुपये और चांदी करीब 2 लाख रुपये के नीचे स्तर पर है। कीमतों में नरमी आने से ग्राहकों का रुझान बढ़ा है। पहले जहां बाजार में धनतेरस और पुष्य नक्षत्र के आसपास ही ज्यादा भीड़ दिखाई देती थी, लेकिन इस बार करीब 15 दिन पहले से ही खरीदारी शुरू हो गई है। व्यापारी बताते हैं कि कई ग्राहकों ने धनतेरस के लिए पसंदीदा गहनों की एडवांस बुकिंग की है।

ये भी पढ़ें: छह दिन तक मनेगा दीपोत्सव, 8 नवंबर को महालक्ष्मी पूजन; जानिए धनतेरस पर खरीदारी के शुभ मुहूर्त

ग्राहकों को चांदी के सिक्के कर रहे आकर्षित

व्यापारियों का कहना है कि चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। कभी भाव तेजी से नीचे आते है तो अगले दिन फिर बढ़ जाते हैं। ऐसे में कुछ ग्राहक खरीदारी को लेकर असमंजस में है। वही कम बजट वाले ग्राहको की पसंद में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। अब भारी गहनों के बजाय एक, दो और तीन ग्राम तक के हल्के आभूषणों की मांग बढ़ रही है। इसके साथ ही 10 ग्राम के चांदी के सिक्के भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।

खरीदारी का तरीका बदला

ज्वेलरी कारोबारियों के मुताबिक, सोने की बढ़ती कीमतों के चलते पिछले कुछ वर्षो में ग्राहकों की खरीदारी का तरीका बदला है। धनतेरस पर छोटे आभूषणों से लेकर बड़े गहनों तक की खरीदारी होती है। व्यापारियों का मानना है कि इस बार कीमतों में आई नरमी से बाजार को सहारा मिला है और पिछले साल के मुकाबले बेहतर कारोबार होने की उम्मीद है।

भोपाल में गुरुवार के सोने के दाम की बात करे तो 24 कैरेट सोना 1,44,129 रुपये, 22 कैरेट 1,32,002 रुपये और 18 कैरेट सोना 1,07,107 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। पिछले साल 2025 में धनतेरस से एक दिन पहले यानी 17 अक्टूबर को भोपाल में 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1,29,457 रुपये, 22 कैरेट का 1,18,667 रुपये और 18 कैरेट सोने का भाव 97,080 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वहीं 20 कैरेट सोने का IBJA बेंचमार्क भाव करीब 1,15,330 रुपये प्रति 10 ग्राम था। पिछले साल 2025 में धनतेरस से एक दिन पहले भोपाल में चांदी का भाव करीब 1 लाख 75 हजार रुपये प्रति किलो था। इस साल 2026 में धनतेरस से एक दिन पहले यानी 5 नवंबर गुरुवार को भोपाल में चांदी का भाव करीब 1 लाख 87 हजार रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m