शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस द्वारा दिल्ली रैली में शामिल न होने वाले 60 बड़े पदाधिकारियों पर की गई बड़ी निलंबन की कार्रवाई के बाद राज्य का सियासी पारा चढ़ गया है। जहाँ एक तरफ इस कार्रवाई को लेकर यूथ कांग्रेस के भीतर असंतोष और सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है। कार्रवाई के बाद अब पार्टी संगठन और विपक्षी दलों की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

ये भी पढ़ें: धर्मेंद्र सिंह लोधी का कांग्रेस पर तीखा हमला: बोले- ‘जैसे बैल लाल कपड़ा देखने पर भड़कता है, वैसे ही PM का नाम सुनकर राहुल…

सिर्फ निलंबित किया गया है, निष्कासित नहीं

यूथ कांग्रेस में हुई इस बड़ी कार्रवाई और उस पर उठ रहे सवालों के बाद कांग्रेस संगठन महासचिव संजय कामले ने सफाई दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है, यदि उन्हें कोई वास्तविक पारिवारिक दिक्कत थी, तो उन्हें कार्रवाई से पहले प्रदेश अध्यक्ष या प्रभारी को इसकी सूचना देनी चाहिए थी। उन्होंने यह भी साफ किया कि इन नेताओं को पार्टी से स्थायी रूप से निष्कासित नहीं किया गया है, बल्कि केवल निलंबित किया गया है। अब सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा और यदि उनका जवाब संतोषजनक पाया जाता है, तो उन्हें दोबारा बहाल कर दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: सहकारी समिति प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर लोकायुक्त की छापामार कार्रवाई; आय से 700% अधिक संपत्ति का खुलासा

भाजपा ने कहा- ‘राहुल गांधी पर भरोसा नहीं इसलिए रैली से दूर रहे कार्यकर्ता’

यूथ कांग्रेस के भीतर मचे इस घमासान पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पार्टी पर करारा हमला बोला है। बीजेपी ने तंज कसते हुए कहा है कि कार्यकर्ताओं का अपनी ही पार्टी के नेतृत्व और राहुल गांधी पर भरोसा नहीं बचा है, यही वजह है कि उन्होंने दिल्ली रैली से दूरी बनाई। भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी ही जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का चाबुक चला रही है, जबकि हकीकत यह है कि सबसे ज्यादा विवादित बयान और भ्रम फैलाने का काम खुद राहुल गांधी करते हैं, इसलिए कार्रवाई तो असल में उन पर होनी चाहिए। बहरहाल, इस कार्रवाई के बाद से मध्य प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सड़क पर आ गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m