रेणू अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिले के नालछा के समीप ग्राम सोडपुर, नालछा और ऐतिहासिक नगरी मांडव स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर बुधवार सुबह ठीक 5 बजे लोकायुक्त पुलिस ने एक साथ दबिश दी। करीब 10 घंटे 30 मिनट तक चली यह लंबी और सघन कार्रवाई दोपहर 3:30 बजे समाप्त हुई।

ये भी पढ़ें: इंदौर साइबर सेल की कार्रवाई: AI जनरेटेड आपत्तिजनक वीडियो और राष्ट्रीय प्रतीकों के दुरुपयोग पर केस दर्ज

40 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने की जांच

लोकायुक्त की टीम ने सुनियोजित तरीके से तीनों ठिकानों पर एक साथ पहुंचकर अचल संपत्ति, बैंक खातों और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। इस बड़ी छापामार कार्रवाई में लोकायुक्त के 40 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। लोकायुक्त निरीक्षक आशुतोष मिठास ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती छानबीन और दस्तावेजों के मूल्यांकन में सहकारिता प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर की आय के ज्ञात स्रोतों से लगभग 700 प्रतिशत अधिक संपत्ति पाई गई है।

ये भी पढ़ें: दोहरे हत्याकांड में खाकी की थ्योरी बेनकाब: एसआईटी की निगरानी और तत्कालीन टीआई पर उठे गंभीर सवाल, कोर्ट ने दोनों आरोपियों को किया बरी

आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज

सुबह भोर में शुरू हुई इस कार्रवाई के बाद दोपहर तक टीम ने सभी तीनों स्थानों पर अपनी जांच प्रक्रिया पूरी की। भारी मात्रा में अवैध संपत्तियों और दस्तावेजों के सुराग मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नया प्रकरण दर्ज कर लिया है। बहरहाल लोकायुक्त की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है और अब आगे की वित्तीय जांच के बाद और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m