हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में AI तकनीक के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। कृषि विभाग के अधिकारियों और राष्ट्रीय प्रतीकों को लेकर AI से कथित तौर पर फर्जी और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए गए। शिकायत के बाद पंढरीनाथ थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर सक्रिय ‘कृषि क्रांति’ पेज के अज्ञात संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब साइबर पुलिस वीडियो अपलोड करने वाले की पहचान करने में जुटी है।

मामला इंदौर के नए कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित कृषि विभाग से जुड़ा है। कृषि विभाग के अधिकारी संदीप कुमार यादव ने पंढरीनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर ‘कृषि क्रांति’ नाम से संचालित पेज के जरिए AI तकनीक का इस्तेमाल कर फर्जी और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित किए गए। इन वीडियो में कृषि विभाग के अधिकारी, अन्य शासकीय कर्मचारियों और विभाग की कार्यप्रणाली को कथित तौर पर भ्रामक तरीके से दिखाया गया। इतना ही नहीं, राष्ट्रीय प्रतीकों को लेकर भी आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने का आरोप है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात संचालक के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच में साइबर सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पेज के संचालक की पहचान करने के लिए डिजिटल फुटप्रिंट और तकनीकी साक्ष्य खंगाल रही है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि AI से वीडियो किसने तैयार किए, उन्हें सोशल मीडिया पर किसने अपलोड किया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m