नितिन नामदेव, रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट और टीवी प्रेजेंटर शेफाली बग्गा (Shefali Bagga) से प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने लगातार दूसरे दिन लंबी पूछताछ की। शुक्रवार को रायपुर स्थित ईडी के जोनल कार्यालय में उनसे 8 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें जाने की अनुमति दे दी गई। हालांकि, कार्यालय से बाहर निकलते समय उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया।

इससे पहले ईडी ने गुरुवार को भी शेफाली बग्गा से करीब 5 घंटे तक पूछताछ की थी। शुक्रवार को उन्हें दोबारा तलब कर ऑनलाइन बेटिंग ऐप के प्रमोशन, डिजिटल गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई सवाल पूछे गए।

डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर Shefali Bagga तक ED पहुंची

जांच एजेंसी के अनुसार, डिजिटल साक्ष्यों में शेफाली बग्गा की कथित भूमिका सामने आने के बाद उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया। जांच के दौरान बेटिंग ऐप से जुड़े कुछ प्रमोशनल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री एजेंसी के सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है। ईडी को संदेह है कि शेफाली बग्गा का संबंध महादेव ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से रहा है। एजेंसी के मुताबिक, खंजन जगदीश कुमार ठक्कर भारत में महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े हवाला लेन-देन और वित्तीय नेटवर्क का संचालन करता था।

Shefali Bagga पर ऐप प्रमोट और खिलाड़ियों को टिप्स देने के आरोप

ईडी का यह भी संदेह है कि शेफाली बग्गा दुबई और लंदन से संचालित ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के प्रचार-प्रसार में शामिल थीं। जांच के दौरान एजेंसी को ऐसे डिजिटल साक्ष्य और प्रमोशनल पेज मिले हैं, जिनमें शेफाली बग्गा न सिर्फ़ बेटिंग ऐप को प्रमोट कर रही हैं, बल्कि खिलाड़ियों को टिप्स भी दे रही हैं।

Shefali Bagga की टेलीग्राम चैनल भी जांच के दायरे में

इसके अलावा, ईडी (ED) का यह भी दावा है कि शेफाली बग्गा (Shefali Bagga) अपना टेलीग्राम चैनल संचालित चलाती हैं, जिस पर गैर-कानूनी बेटिंग से जुड़े प्रमोशन और टिप्स जैसे काम किए जाते हैं।

फिलहाल, ईडी मामले की जांच में जुटी हुई है। पूछताछ के दौरान मिले जवाब और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H