समाज की एकजुटता, संस्कृति और सेवा परंपरा का प्रतीक है महाराजा अग्रसेन जयंती समारेाह : सुनील सर्राफ

अजय सैनी भिवानी, महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव की तैयारियों को लेकर श्री अग्रवाल सभा भिवानी द्वारा समाज को एकजुट करने और हर घर तक आमंत्रण पहुंचाने के लिए एक विशेष निमंत्रण अभियान की शुरुआत की गई है। 18 सितंबर से प्रारंभ हो रहे इस भव्य महोत्सव को लेकर पूरे शहर और व्यापारिक क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

इसी कड़ी में श्री अग्रवाल सभा के प्रधान सुनील सर्राफ के नेतृत्व में सभा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को स्थानीय अनाज मंडी का दौरा किया। इस दौरान सभा के पदाधिकारियों ने अनाज मंडी के व्यापारियों, आढ़तियों व स्थानीय निवासियों को जयंती समारोह में सहपरिवार शामिल होने का भावपूर्ण निमंत्रण दिया। अभियान के दौरान अनाज मंडी में जगह-जगह व्यापारियों ने प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत किया और कार्यक्रम में बढ़-चढक़र भाग लेने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर व्यापारियों को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल सभा के प्रधान सुनील सर्राफ ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का जीवन दर्शन एक रुपया और एक ईंट के सिद्धांत पर आधारित है, जो समाज में बंधुत्व, समानता और परस्पर सहयोग का संदेश देता है। 18 सितंबर से आयोजित होने वाला अग्रसेन जयंती महोत्सव केवल एक धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज की एकजुटता, संस्कृति और सेवा परंपरा का प्रतीक है।

हमारा उद्देश्य है कि भिवानी का प्रत्येक परिवार इस उत्सव से जुड़े और समाज निर्माण में अपना योगदान दे। अनाज मंडी हमारे शहर के आर्थिक और सामाजिक ताने-बाने का महत्वपूर्ण हिस्सा है, और यहाँ के व्यापारियों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि यह महोत्सव ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि 18 सितंबर से शुरू होने वाले इस महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रकार के सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर अनाज मंडी प्रधान नरेश झोझूवाल, देबूराम बापोडिय़ा, बजरंग बहलवाला, सुनील सर्राफ, राजेश गोलपुरिया, मामनचंद, रामअवतार गुप्प्ता, मनीष मैदावाला, महेंद्र, सतीश सांकरोडिय़ा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m