हरियाणा के अंबाला स्थित शाहददपुर में आज महाराणा प्रताप जयंती का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर सूबे के कृषि मंत्री ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचने और ईंधन बचाने का आह्वान किया।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। आज अंबाला के शाहददपुर में महाराणा प्रताप जयंती का भव्य आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। इस बीच हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा (Shyam Singh Rana) ने स्वजातीय बंधुओं सहित आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।

कृषि मंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और संघर्ष के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती केवल एक समाज विशेष का कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को त्याग, साहस और राष्ट्र समर्पण की प्रेरणा देने का अवसर भी है। मंत्री ने लोगों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

ईंधन बचत को लेकर भी कृषि मंत्री ने खास संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की है। इसी के मद्देनजर उन्होंने लोगों से व्यक्तिगत वाहनों का कम इस्तेमाल कर सार्वजनिक वाहनों के जरिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि सामूहिक भागीदारी का संदेश भी जाएगा।

मंत्री ने खुद सादगी की मिसाल पेश करते हुए निजी वाहन छोड़ एस्कॉर्ट गाड़ी में सफर कर कार्यक्रम में पहुंचने की बात कही। उन्होंने बताया कि काफिले में गाड़ियों की संख्या भी कम की गई है, ताकि ईंधन बचत के संदेश को व्यवहार में उतारा जा सके। कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार जनसेवा, राष्ट्रवाद और किसान सहित सभी वर्गों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और समाज की भागीदारी से ही बड़े बदलाव संभव हैं।