Bihar News: महाराष्ट्र टेट परीक्षा पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महाराष्ट्र TET परीक्षा पेपर लीक मामले में कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि महाराष्ट्र की भिवंडी पुलिस ने आरोपी बिजेंद्र गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस की टीम आरोपी बिजेंद्र गुप्ता को अपने साथ लेकर भिवंडी के लिए रवाना हो गई।

कोर्ट में पेश करने की तैयारी

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भिवंडी पहुंचने के बाद पुलिस गिरफ्तार आरोपी बिजेंद्र गुप्ता को कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस कोर्ट से उसके रिमांड की मागं कर सकती है, जिससे पेपर लीक मामले में उसके गिरोह और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। बता दें कि महाराष्ट्र TET परीक्षा पेपर लीक मामले की जांच कई राज्यों तक पहुंच चुकी है। पुलिस लगातार इस मामले में पेपर लीक से जुड़े लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

पत्नी भी पुलिस की गिरफ्त में

बता दें कि महाराष्ट्र टेट परीक्षा पेपर लीक मामले में गिरफ्तार बिजेंद्र गुप्ता बिहार के समस्तीपुर का मूल निवासी है। हालांकि लंब समय से वह अपने गांव नहीं गया है। पुलिस उसके संपर्क, आर्थिक लेन देन और परीक्षा माफियों से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। पिछले दिनों महाराष्ट्र पुलिस ने इस मामले में उसकी पत्नी को भूतनाथ रोड से गिरफ्तार किया था।

परीक्षा से 24 घंटे पहले लीक हुआ था पेपर

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 28 जून 2026 को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित होने वाली थी। लेकिन परीक्षा से ठीक एक दिन पहले प्रश्नपत्र लीक होने की खबर सामने आई थी। जांच के दौरान भिवंडी पुलिस ने एक बड़े पेपर लीक रैकेट का खुलासा किया। पुलिस ने यह दावा किया है कि कुछ लोग TET का प्रश्नपत्र करीब 1.5 करोड़ रुपये में बेचने की तैयारी कर रहे थे। इस मामले में पुलिस पहले ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनके पास से परीक्षा के चार प्रश्नपत्र सेट भी बरामद किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और ब इस मामले में पुलिस ने बिहार के समस्तीपुर निवासी बिजेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार किया है।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: पटना पहुंचे नितिन नबीन, पवन सिंह और मनोज तिवारी के बाद खुद संभाला मोर्चा