प्रदीप मालवीय, उज्जैन। महर्षि वेद विद्या प्रतिष्ठान में छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी छात्रावास इंचार्ज को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं संस्थान ने उसे सेवा से पृथक कर दिया है। 

9वीं के छात्र ने पुलिस में की थी शिकायत

दरअसल, फरियादी महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान का कक्षा 9वीं का छात्र है। उसने अपने गुरु सत्यम शुक्ल के साथ चिंतामण थाना में छात्रावास इंचार्ज दत्तदास रघुनाथ शेवडे के खिलाफ मारपीट और अश्लील व्यवहार की शिकायत दर्ज कराई थी। 

दूसरे कमरे में सोने पर हुई पिटाई

पीड़ित छात्र ने बताया कि वह 15 मार्च 2026 को रात लगभग 9:30 बजे अपने निर्धारित कमरे की जगह दूसरे कमरे में जाकर सो गया था। रात 10 बजे छात्रावास इंचार्ज दत्तदास रघुनाथ शेवडे को इस बात की जानकारी लगी तो उन्होंने छात्र को कमरे के बाहर बुलाकर गालियां दीं। जब छात्र ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे छात्रावास कार्यालय में बुलाकर लकड़ी के डंडे से जमकर पीटा।

पुलिस ने आरोपी छात्रावास इंचार्ज को किया गिरफ्तार

पीड़ित छात्र की रिपोर्ट पर  पुलिस ने आरोपी दत्तदास रघुनाथ शेवडे के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए आरोपी को बहुत कम समय में ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ कर सबूत इकठ्ठा कर उसे कोर्ट में पेश किया गया।

यह भी पढ़ें: महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान में शिक्षक की बेरहमी: छात्र को पीटने का वीडियो वायरल

प्रबंधन ने भी आरोपी को सेवा से अलग किया

घटना को गंभीरता से लेते हुए महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान प्रबंधन ने भी आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सेवा से अलग कर दिया है। वहीं उज्जैन पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार की शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना, दुर्व्यवहार या अनुशासन के नाम पर हिंसा बिल्कुल भी सहन नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m