जिला पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देशानुसार महेंद्रगढ़ में नशा तस्करों और अंतरराज्यीय चोर गिरोहों के खिलाफ पुलिस का कड़ा अभियान जारी है, जिसमें लगातार बड़ी सफलताएं मिल रही हैं।

गुलशन कुमार, महेंद्रगढ़। जिले को पूरी तरह से नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक (SP) दीपक के निर्देशानुसार एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले तकरीबन एक महीने के दौरान पुलिस की विभिन्न टीमों ने नशा तस्करों पर कड़ा शिकंजा कसते हुए कई अहम कामयाबियां हासिल की हैं। एक विशेष प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस कप्तान दीपक ने बताया कि जब से उन्होंने कार्यभार संभाला है, जिले में नशे की रीढ़ तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने बीते एक माह में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 15 एफआईआर दर्ज की हैं और कुल 28 नशा कारोबारियों को सलाखों के पीछे भेजा है।

फेरीवाले बनकर करते थे रेकी, 6 बदमाशों का यह अंतरराज्यीय चोर गिरोह

नशे के अलावा जिले में रात के समय सक्रिय चोर गिरोह की सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के मामले पर भी पुलिस अधीक्षक ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि नारनौल में कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के आवास पर चोरी की नियत से घुसने वाले बदमाशों को पुलिस ने पूरी तरह से ट्रैक कर लिया है। एसपी ने बताया कि यह एक बेहद शातिर अंतरराज्यीय गिरोह है, जो अपने गृह राज्य में वारदातों को अंजाम नहीं देता बल्कि दूसरे राज्यों में जाकर चोरी करता है। इस गिरोह के छह सदस्य महेंद्रगढ़ के एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए थे, जिन्होंने महेंद्रगढ़ और नारनौल दोनों शहरों से मोटरसाइकिलें चुराई थीं। इनका पूरा नेटवर्क होता है, जिसके सदस्य पहले जिले में सामान बेचने वाले (फेरीवाले) बनकर रेकी करते हैं और फिर रात को चोरी की घटना को अंजाम देते हैं।

राजस्थान के अलवर के पास मिली लोकेशन, जल्द होगी सभी की गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक ने आम जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला पुलिस इस पूरे मामले की बेहद गहनता और तकनीकी स्तर से जांच कर रही है। चोरों के रूट को समझने के लिए क्षेत्र के कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं और सीआईए सहित पुलिस की कई विशेष टीमें इस गिरोह को दबोचने में दिन-रात लगी हुई हैं। पुलिस को इस तफ्तीश में काफी हद तक सफलता भी मिल चुकी है, क्योंकि तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से इस गिरोह के सदस्यों की वर्तमान लोकेशन राजस्थान के अलवर के पास ट्रेस हुई है। एसपी दीपक ने दावा किया कि पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही इस पूरे गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।