महेंद्रगढ़ पुलिस ने एक साहसिक मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय पारदी गुलेल गैंग के सात शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान बदमाशों की तरफ से की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने गोलियां चलाईं, जिसमें दो आरोपी घायल हुए हैं।

गुलशन कुमार,महेंद्रगढ़। जिला पुलिस द्वारा महेंद्रगढ़ में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस अधीक्षक दीपक के कुशल मार्गदर्शन में सीआईए नारनौल, सीआईए महेंद्रगढ़ और थाना शहर महेंद्रगढ़ की संयुक्त टीमों ने एक अत्यंत साहसिक मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय पारदी गुलेल गैंग के सात बदमाशों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। यह वारदात आज दिनांक 22 मई को तड़के करीब 02:30 से 03:00 बजे के बीच थाना शहर महेंद्रगढ़ के अंतर्गत पड़ने वाले हुड्डा सेक्टर (नजदीक कोर्ट महेंद्रगढ़) क्षेत्र में हुई है। इस गिरोह के सदस्य पिछले काफी समय से विभिन्न क्षेत्रों में लूटपाट, डकैती और चोरी की वारदातों को अंजाम देकर कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बने हुए थे।

गुप्त सूचना पर पुलिस टीमों ने की नाकाबंदी, बदमाशों ने की फायरिंग

घटना के संबंध में विस्तृत विवरण देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए नारनौल की पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि महेंद्रगढ़ शहर में कुछ संदिग्ध कच्छाधारी व्यक्ति किसी संगीन अपराध को अंजाम देने की नियत से घूम रहे हैं। ये बदमाश पिछले दिनों कई जिलों में सक्रिय रहे पारदी गिरोह से ताल्लुक रखते हैं, जो लूट व डकैती के साथ-साथ हत्या जैसे जघन्य कृत्यों के लिए जाने जाते हैं। इस गंभीर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीआईए नारनौल, सीआईए महेंद्रगढ़ और थाना शहर महेंद्रगढ़ की विशेष टीमों का गठन किया गया। जब पुलिस टीमें महेंद्रगढ़ सरकारी कॉलेज के पास पहुंचीं, तो दोबारा सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी सतनाली मोड़ से होते हुए हुड्डा सेक्टर की तरफ भाग रहे हैं। पुलिस टीमों ने बेहतरीन मुस्तैदी दिखाते हुए रणनीतिक रूप से नाकाबंदी कर आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस बल को सामने देखकर बदमाशों ने खुद को घिरा पाकर आत्मसमर्पण करने के बजाय अलग-अलग दिशाओं में भागना शुरू कर दिया। पुलिस पार्टी द्वारा पीछा किए जाने और रुकने की सख्त चेतावनी देने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल, पुलिस ने दबोचे सात बदमाश

पुलिस बल ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए पहले आत्मरक्षार्थ हवाई फायर किए, लेकिन जब बदमाशों की तरफ से फायरिंग नहीं रुकी तो पुलिस ने उन्हें काबू करने और आत्मरक्षार्थ उनके पैर को निशाना बनाकर नियंत्रित जवाबी फायरिंग की। इस गोलीबारी में दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें तुरंत पुलिस अभिरक्षा में प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी अस्पताल महेंद्रगढ़ भिजवाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर ले जाया गया। घेराबंदी कर दबोचे गए सभी सात आरोपी मध्य प्रदेश के मूल निवासी हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनीराम निवासी बिलाखेड़ी (गुना), अभय निवासी कनेरा (गुना), अर्जुन निवासी कनेरा (गुना), विरेन्द्र निवासी बिलाखेड़ी (गुना), सुनील निवासी माधौगढ़ (अशोकनगर), चांद निवासी पटेल नगर (गुना) और विजय निवासी कनेरा (गुना) के रूप में हुई है। आपराधिक रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से विजय पर 15,000 रुपये और चांद पर 5,000 रुपये का नकद इनाम घोषित था, जो लंबे समय से कई संगीन वारदातों में वांछित चल रहे थे। घायल बदमाशों के अलावा बाकी 5 आरोपियों को पुलिस टीम द्वारा मौके पर ही डिटेन कर लिया गया।