Automobile Desk : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में जब भी दमदार और सुरक्षित SUVs का जिक्र होता है, महिंद्रा की गाड़ियों का नाम सबसे ऊपर आता है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए कंपनी की लोकप्रिय 7-सीटर SUV Mahindra XUV 7XO ने सुरक्षा के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम (Bharat NCAP) द्वारा किए गए कड़े क्रैश टेस्ट में इस वाहन ने उच्चतम 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है। भारतीय सड़कों और पारिवारिक जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई यह कार बड़ों से लेकर बच्चों तक को बेहतरीन सुरक्षा देने का वादा करती है।

एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में शानदार प्रदर्शन
Bharat NCAP द्वारा XUV 7XO के दो प्रमुख वेरिएंट्स—AX7 DSL 2W 7S AT और AX7L DSL 4W 7S AT का क्रैश टेस्ट किया गया था। इस दौरान एडल्ट सेफ्टी टेस्ट (AOP) में कार को 32 में से 30.76 अंक प्राप्त हुए। भारत एनकैप के मापदंडों के अनुसार 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग प्राप्त करने के लिए न्यूनतम 27 अंकों की आवश्यकता होती है, जिसे इस कार ने आसानी से पार कर लिया। फ्रंटल ऑफसेट डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में इसे 16 में से 14.76 अंक मिले, जबकि साइड-मूवेबल बैरियर टेस्ट में कार ने 100 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके अलावा साइड पोल इम्पैक्ट टेस्ट में भी गाड़ी का ढांचा पूरी तरह मजबूत साबित हुआ।
चाइल्ड सेफ्टी में भी नहीं छोड़ा कोई कसर
परिवारों के लिए इस SUV को और खास बनाती है बच्चों की सुरक्षा। चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन (COP) कैटेगरी में इस कार ने 49 में से 44.97 अंकों का बेहतरीन स्कोर किया। डायनेमिक क्रैश टेस्ट में इसे 24 में से 23.97 अंक मिले और चाइल्ड सीट माउंटिंग (ISOFIX) टेस्ट में कार ने पूरे 12 में से 12 अंक अपने नाम किए। क्रैश टेस्ट के दौरान दूसरी पंक्ति की सीटों पर आईएसओफिक्स एंकर्स का इस्तेमाल करके बच्चों की सुरक्षा का परीक्षण किया गया था, जहाँ टक्कर के समय बच्चों के डमी को न्यूनतम प्रभाव झेलना पड़ा।
सुरक्षा फीचर्स और आधुनिक तकनीक से लैस
पैसेंजर की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए Mahindra XUV 7XO में 7 एयरबैग्स (जिसमें तीनों पंक्तियों के लिए कर्टेन एयरबैग शामिल हैं), सीट-बेल्ट प्रीटेंशनर, लोड लिमिटर और ऑल-सीट सीटबेल्ट रिमाइंडर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त कार में इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) को मानक (स्टैंडर्ड) रखा गया है।
ड्राइविंग को आसान और सुरक्षित बनाने के लिए इसमें Level-2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) तकनीक दी गई है। इसके तहत एडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, लेन कीप असिस्ट और ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग जैसे हाइटेक फीचर्स काम करते हैं। गाड़ी में 360-डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, ऑटो-होल्ड और पैसेंजर सीट एयरबैग को बंद करने के लिए मैनुअल कट-ऑफ स्विच भी मौजूद है।
कीमत और बाजार स्थिति
7-सीटर क्षमता और टॉप-नॉच सेफ्टी फीचर्स के साथ Mahindra XUV 7XO की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹13.99 लाख रखी गई है, जबकि इसका टॉप-एंड वेरिएंट ₹25.49 लाख (एक्स-शोरूम) तक जाता है। मजबूत बनावट, स्मार्ट फीचर्स और 5-स्टार क्रैश टेस्ट रेटिंग की बदौलत यह SUV अपने सेगमेंट में एक बेहद भरोसेमंद विकल्प के रूप में उभरी है।



