Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में गाड़ियों की मजबूती और सुरक्षा को लेकर ग्राहकों की जागरूकता तेजी से बढ़ रही है. इसी बीच देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने सुरक्षा के मोर्चे पर एक बार फिर अपनी बढ़त साबित की है. कंपनी की नई 3-रो फैमिली SUV, महिंद्रा XUV 7XO ने भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम (Bharat NCAP) के क्रैश टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूर्ण 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग अपने नाम की है.
यह सुरक्षा रेटिंग केवल किसी एक मॉडल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गाड़ी के पेट्रोल और डीजल, दोनों ही इंजन विकल्पों पर समान रूप से लागू होती है. भारत एनकैप द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस टेस्ट में XUV 7XO ने वयस्कों और बच्चों, दोनों की सुरक्षा के मानकों पर बेहतरीन प्रदर्शन दर्ज कराया है.
वयस्क सुरक्षा में दिखाया दम
क्रैश टेस्ट के दौरान बड़े यात्रियों यानी एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन (AOP) की श्रेणी में इस गाड़ी ने 32 में से 30.76 अंक हासिल किए. टेस्ट एजेंसी ने परीक्षण के लिए गाड़ी के AX7 डीजल 2WD और AX7L डीजल 4WD (7-सीटर ऑटोमैटिक) वेरिएंट का चयन किया था, जिनका क्रैश टेस्ट वजन 2,059 किलोग्राम था.
सामने से होने वाली टक्कर (Frontal Offset Deformable Barrier Test) में SUV ने 16 में से 14.76 अंक प्राप्त किए. वहीं, साइड से होने वाली टक्कर (Side Movable Deformable Barrier Test) में गाड़ी का प्रदर्शन एकदम सटीक रहा और इसने 16 में से पूरे 16 अंक झटके. इसके अलावा साइड पोल इम्पैक्ट टेस्ट में भी गाड़ी सुरक्षा के सभी पैमानों पर खरी उतरी.
बच्चों की सुरक्षा में भी नहीं छोड़ी कोई कसर
पारिवारिक सफर को ध्यान में रखते हुए बच्चों की सुरक्षा (COP) पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. इस सेगमेंट में SUV को 49 में से 44.97 अंक मिले. चाइल्ड सेफ्टी असेसमेंट के लिए 18 महीने और 3 साल के बच्चों के डमी (डमी मॉडल्स) को ISOFIX एंकर और लेग सपोर्ट के साथ रियर-फेसिंग पोजीशन में बैठाया गया था.
18 महीने के बच्चे की सुरक्षा के लिहाज से फ्रंटल क्रैश में इसे 8 में से 7.97 अंक और साइड क्रैश में पूरे 4 अंक मिले. वहीं, 3 साल के बच्चे के लिए किए गए फ्रंटल और साइड दोनों ही टेस्ट में गाड़ी ने 100% अंक (क्रमशः 8/8 और 4/4) हासिल किए. इसके अलावा CRS इंस्टॉलेशन टेस्ट में भी इसे पूरे 12 में से 12 अंक दिए गए.
बेस वेरिएंट से ही मिलेंगे तगड़े सेफ्टी फीचर्स
कंपनी ने इस गाड़ी के हर वेरिएंट में सुरक्षा उपकरणों का विशेष ध्यान रखा है. रिपोर्ट के मुताबिक, XUV 7XO के सभी ट्रिम्स में इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), कर्टन एयरबैग, पेडेस्ट्रियन प्रोटेक्शन (पैदल चलने वालों की सुरक्षा) और सभी सीटों के लिए सीट-बेल्ट रिमाइंडर जैसे फीचर्स मानक (Standard) तौर पर दिए गए हैं.
यह सेफ्टी रेटिंग AX3, AX5, AX7, AX7T और AX7L समेत गाड़ी के सभी 6-सीटर और 7-सीटर वेरिएंट्स पर मान्य होगी. सुरक्षा के इन आंकड़ों से साफ है कि भारतीय सड़कों पर यह SUV अपने सेगमेंट में सबसे सुरक्षित गाड़ियों में से एक बनकर उभरी है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



