Mahua Moitra Circuit House: तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने देर रात सर्किट हाउस का कमरा छोड़ने का आदेश देने को लेकर जमकर हंगामा किया। महुआ मोइत्रा ने बंगाल के कृष्णानगर जिले के सर्किट हाउस में जबरन कमरा खाली कराने के लिए कॉल करने का आरोप लगाया। महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि देर रात उन्हें कमरा खाली करने के लिए कहा गया जबकि बाहर भीड़ जमा थी। बाहर जमा भीड़ जय श्री राम के नारे लगा रहे थे। महुआ मोइत्रा ने कृष्णानगर सर्किट हाउस में हुए घटनाक्रम पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को टैग करते हुए पूरा मामला उठाया है।
महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करके कहा है कि वह इस क्षेत्र की सांसद हैं। वहीं उन्हें रात 9:47 बजे अचानक से रूम खाली करने के लिए कहा गया। उन्होंने जब ऐसा करने से मना कर दिया तो उन्हें बताया कि यह आदेश ऊपर से है। महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया है कि सर्किट हाउस के बाहर भारी भीड़ है जो जय श्री राम के नारे लगा रही है। उन्होंने लिखा कि सुप्रीम कोर्ट ने उनसे गोलियों का सामना करने को कहा था इसलिए वे पीछे नहीं हटेंगी।
महुआ मोइत्रा के मुताबिक वे शाम 6:30 बजे सर्किट हाउस पहुंचीं और उन्हें वही कमरा दिया गया जिसमें वे हमेशा ठहरती हैं। रात 9:20 बजे उनके कमरे में खाना पहुंचाया गया। इसके बाद रात 9:47 बजे उन्हें फोन आया जिसमें कमरा खाली करने के लिए कहा गया। उन्होंने बताया कि रात 10:52 बजे उन्हें इसी बारे में लिखित संदेश भी मिला। उन्होंने कहा कि एक निर्वाचित महिला सांसद होने के नाते जब अतिरिक्त जिलाधिकारी का फोन आया कि वे कमरा खाली कर दें तो यह बहुत हैरान करने वाली बात थी।
महुआ मोइत्रा ने सभी विपक्षी सांसदों और नेताओं को संबोधित करते हुए लिखा कि वे अपने जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस में रुकी हैं जो सांसदों के लिए सरकारी आवास है। उन्होंने कहा कि प्रशासन उन्हें और अन्य नेताओं को इलाके से बाहर रखने के लिए इतना बेताब है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को टैग करते हुए लिखा कि वे 2029 तक निर्वाचित सांसद हैं और लोकसभा का सत्र एक दिन पहले ही खत्म हुआ है। उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने प्रशासन को कमरा खाली करने से मना कर दिया। उन्होंने लिखा, ‘सुप्रीम कोर्ट ने मुझसे कहा था कि मैं गोलियों का सामना करूं, इसलिए मैं यहां हूं… पीछे नहीं हटूंगी।
अभिषेक बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया दी
तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने भी इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक महिला सांसद को आधी रात को सर्किट हाउस से बाहर निकालने का आदेश दिया गया और अगले दिन भाजपा नेता महिला सशक्तिकरण की बात करेंगे। उन्होंने कहा कि जो सरकार महिला की गरिमा को भी राजनीति बना दे वह खुद को ही छोटा करती है ना कि उस महिला को जिसे वह अपमानित करना चाहती है।
पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


