तनवीर खान, मैहर। मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न वितरण में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में करीब 27.81 लाख रुपए कीमत के खाद्यान्न की कमी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, बहुउद्देशीय सेवा सहकारी समिति रामगढ़ की ओर से संचालित बिधुई खुर्द की उचित मूल्य दुकान के विक्रेता अवधेश चतुर्वेदी और सहायक विक्रेता दीपक चतुर्वेदी पर मार्च से जून 2026 के बीच हितग्राहियों के फिंगरप्रिंट लेने के बावजूद खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराने का आरोप है। जांच में दुकान पर 12 लाख 92 हजार 987 रुपए कीमत का खाद्यान्न कम पाया गया।
ये भी पढ़ें: कारों से भरे ट्रक में लगी आग, टक्कर से पुलिस की गाड़ी पलटी; कवरेज कर रहे पत्रकारों से चालकों ने की बदतमीजी
इसी समिति की अमझर स्थित उचित मूल्य दुकान में भी इसी तरह की अनियमितता सामने आई। जहां जांच के दौरान 14 लाख 88 हजार 103 रुपए कीमत का खाद्यान्न कम मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 316(5) और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत अपराध दर्ज किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दीपक चतुर्वेदी (37), निवासी बिछिया खुर्द, थाना ताला को शनिवार की शाम को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपी अवधेश चतुर्वेदी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। यह कार्रवाई ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


